बरेली। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से ‘निधि आपके निकट 2.0’ के तहत सोमवार को बरेली-मुरादाबाद के आठ जिलों में प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (पीएमवीबीआरवाई) पर संवाद आयोजित हुआ। कहा कि योजना के तहत औद्योगिक संस्थान बगैर किसी दबाव के रोजगार दे सकेंगे।
फरीदपुर के दहलऊ स्थित निजी औद्योगिक प्रतिष्ठान परिसर में क्षेत्रीय आयुक्त द्वितीय मनोज कुमार गुप्ता, क्षेत्रीय आयुक्त एवं प्रभारी अधिकारी अनिल कुमार ने नियोक्ता अंशधारकों को संबोधित किया। मुरादाबाद के तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी में आयोजित कार्यक्रम में भी क्षेत्रीय आयुक्त ने प्रतिभाग किया। कहा कि योजना भारत की सामाजिक-आर्थिक संरचना को नया आयाम देने वाली है। इससे रोजगार को प्रोत्साहन मिलेगा। नए नियुक्त कर्मचारियों का ईपीएफ अंशदान सरकार वहन करेगी, जिससे नियोक्ताओं को बिना वित्तीय दबाव के रोजगार सृजन में सहयोग मिलेगा।
मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को ज्यादा लाभ मिलने का अनुमान जताया। हैंडीक्राॅफ्ट एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल के अध्यक्ष उद्यमी नीरज खन्ना और केंद्रीय समन्वयक अवधेश अग्रवाल से प्रतिष्ठानों को योजना को सफल बनाने पर वार्ता की। उन्होंने सक्रिय भागीदारी पर सहमति जताई। ब्यूरो