पुलिसकर्मियों को किया सम्मानित
एसएसपी अनुराग पुलिस लाइन में ध्वजारोहण कर वहां उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता व अखंडता बनाए रखने की शपथ दिलाई। इस अवसर पर एसएसपी ने यूपी 112 मुख्यालय से बेहतर रिस्पांस टाइम के लिए पीआरवी के सात पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं बारादरी के जोगी नवादा के विवादित स्थान के माहौल को ठीक कराने में सकारात्मक योगदान देने वाले संभ्रांत व्यक्तियों को भी सम्मानित किया गया है।
हिमवीरों ने परेड निकालकर राष्ट्रध्वज को दी सलामी
भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल बुखारा रोड स्थित परिसर में तृतीय वाहिनी के सेनानी पवन सिंह ने ध्वजारोहण किया। उप सेनानी जीडी कंवलजीत सिंह के नेतृत्व में परेड ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी। तृतीय वाहिनी दंडपाल किशन चंद समेत अन्य हिमवीर मौजूद रहे। सेनानी ने हिमवीरों की डयूटी, कर्तव्य याद दिलाते हुए शौर्य, दृढ़ता, कर्म, निष्ठा के प्रति समर्पण भाव बनाए रखने की प्रेरणा दी।
ध्वजारोहण के बाद मेधावी और शिक्षक सम्मानित
रामानुज दयाल अग्रवाल सरस्वती शिशु मंदिर में क्षेत्रीय वनाधिकारी वैभव चौधरी, स्कूल अध्यक्ष केपी गोयल ने ध्वजारोहण किया। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। प्रधानाचार्य राजेश कुमार त्रिपाठी ने मेधावी विद्यार्थी, पांच अध्यापकों को सम्मानित किया।