छापेमारी के दौरान बाजार में हड़कंप मचा रहा
- फोटो : अमर उजाला
महानगर में आयकर विभाग की संयुक्त टीम ने सदर बाजार के बहादुरगंज और चौक कोतवाली के फूलमती मंदिर के पास स्थित सराफा व्यापारियों के प्रतिष्ठानों पर बृहस्पतिवार को छापा मारा। इससे व्यापारियों में हड़कंप मचा रहा। दोनों स्थानों पर अलग-अलग टीमें भारी पुलिस बल और पीएसी के साथ पहुंची। यहां घंटों पड़ताल की। देर शाम तक दोनों स्थानों पर आयकर विभाग की टीमें जांच में जुटी थीं। माल का स्टॉक, खरीद और बिक्री की बारीकी से जांच की जा रही है। शुक्रवार को इस मामले में विभाग की ओर से खुलासा किया जा सकता है।
शाहजहांपुर समेत हरदोई और सीतापुर आयकर विभाग की संयुक्त टीमों ने बृहस्पतिवार को सुबह करीब 11:30 बजे अचानक सदर बाजार के बहादुरगंज स्थित श्यामनाथ पुनीत कुमार और चौक कोतवाली के फूलमती मंदिर के पास स्थित नवनीत ज्वैलर्स के प्रतिष्ठानों पर छापा मारा। प्रतिष्ठानों को पुलिस और पीएसी ने अपने घेरे में ले लिया। किसी को अंदर-बाहर नहीं होने दिया गया। अचानक हुई छापेमारी से व्यापारियों में हड़कंप मच गया। सूत्रों ने बताया कि आयकर में गड़बड़ी के चलते यह कार्रवाई की गई है। दोनों प्रतिष्ठानों पर आयकर विभाग एक्सपर्ट के साथ देर शाम तक जांच में जुटे रहे।
व्यापारियों के कंप्यूटर, लैपटॉप खंगालने के साथ प्रतिष्ठानों पर ज्वैलरी के स्टॉक की जांच की जा रही है। खरीद-बिक्री का रिकॉर्ड भी बारीकी से देखा जा रहा है। शाम छह बजे तक आयकर विभाग की टीमें यहां जुटी हुई थीं। इधर, आयकर विभाग की इस कार्रवाई के चलते बाजार में हड़कंप की स्थिति रही। कई दुकानदारों ने अपनी दुकानें तक बंद कर दीं। देर सायं तक टीम जांच कर रही थी।
आयकर विभाग की संयुक्त टीमें सभी बिंदुओं पर पड़ताल कर रही हैं। स्टॉक, खरीद-बिक्री की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही ज्यादा कुछ कहा जा सकता है।-
वीएस विष्ट, आयकर अधिकारी