बटलर प्लाजा पहुंची टीम, जीएसटी छापा का मचा हल्ला
रहबर फूड फैक्टरी के बाद सुबह नौ बजे बटलर प्लाजा स्थित कार्यालय आयकर टीम पहुंची। बाहर पुलिसकर्मी मौजूद थे। दुकानें खुलने लगीं तो पुलिसकर्मियों को देख चर्चाएं शुरू हुई। सटीक जानकारी के अभाव में जीएसटी छापा का हल्ला मचा। कारोबारी दुकान खोलने में घबराने लगे। संगठन पदाधिकारियों ने पता किया तो आयकर छापा की जानकारी मिली। उधर टीम ने बढ़ते पूछताछ से पुलिसकर्मी अंदर बुला लिए।
करोड़ों की टैक्स चोरी की शिकायत पर शुरू हुई जांच
बताया जाता है कि इंडिया फ्रोजन फूड कंपनी का कारोबार करीब हजार करोड़ से ज्यादा है। कंपनी प्रबंधन की ओर से बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी करने की तमाम शिकायतें मिलने के बाद आयकर विभाग सक्रिय हुआ। सुराग जुटाने के बाद प्रकरण सटीक प्रतीत होने पर संभल की कंपनी समेत प्रदेश भर के कई जिलों में ठिकानों पर छापामारी शुरू की। बरेली, लखनऊ, गाजियाबाद, दिल्ली, नोएडा में भी छापा मारा है।
मारिया फ्रोजन पर कार्य सुचारू, रहबर पर पड़ा छापा
मारिया फ्रोजन फर्म के जनसंपर्क अधिकारी ईशान के मुताबिक संभल में इंडिया फ्रोजन कंपनी के कार्यालय समेत इससे जुड़े प्रदेश में संचालित अन्य ठिकानों छापा पड़ा है। रहबर फूड में माल के पैकेजिंग होती है इसलिए टीम बरेली में भी फैक्टरी, कार्यालय पर जांच कर रही है। मारिया फ्रोजन फर्म का इससे सीधा कोई संबंध नहीं है। हमारी फ्रोजन और एग्रो फैक्टरियों में कार्य सुचारू है। रहबर से कोई वास्ता नहीं है।
इन दस्तावेजों को खंगाला
जानकारी के मुताबिक फैक्टरी और कार्यालय में आयकर टीम के सदस्यों ने स्लॉटर हाउस स्थित पैकेजिंग फैक्टरी में मौजूद दस्तावेज, कंप्यूटर के सीपीयू, सीसीटीवी के डीवीआर अन्य उपकरण कब्जे में लिए। प्रतिदिन पशु कटान की संख्या, मांस उत्पादन, ट्रांसपोर्ट बिल, ई-वे बिल, मांस के रखरखाव की गुणवत्ता, नियमित, अस्थायी कर्मचारियों के वेतन भुगतान, मांस निर्यात संबंधी अभिलेख को टीमें देर शाम तक खंगालती रहीं।