अब 24 घंटे मिलेगी प्रसव की सुविधा
रामनगर। नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुतलकपुर पर प्रसव कक्ष का उद्घाटन किया गया। अब क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को यहां 24 घंटे प्रसव की सुविधा मिल सकेगी।
उद्घाटन रामनगर चिकित्सा प्रभारी डॉ. सुशील कुमार गुप्ता और ग्राम प्रधान मुतलकपुर ने संयुक्त रूप से किया। प्रसव केंद्र शुरू होने से क्षेत्र के लोगों में खुशी है। ग्रामीणों का कहना है कि अब प्रसव पीड़ा होने पर महिलाओं को 12 किमी दूर रामनगर या आंवला नहीं जाना पड़ेगा। उद्घाटन के दौरान 15 गर्भवती महिलाओं की जांच भी की गई। इस मौके पर अहसान अंसारी, मोहित (बीपीएम), वसीम अख्तर, आशा संगिनी आदि मौजूद रहे। चिकित्सा प्रभारी डॉ. सुशील कुमार गुप्ता ने बताया कि करीब दो वर्षों की मांग की जा रही थी। अब यहां स्टाफ उपलब्ध हो गया है। संवाद
25 गांवों के लोगों में उत्साह
इस सुविधा से क्षेत्र के करीब 25 गांवों के ग्रामीणों में उत्साह है। ग्रामीणों का कहना है कि इन गांवों से अस्पताल तक पहुंचने के लिए सीधा और सुगम रास्ता भी नहीं था। ऐसे में गर्भवती महिलाओं को लंबी दूरी तय करने में दिक्कत होती थी। अब इस सुविधा से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।