बरेली। मंडलायुक्त शंभु कुमार ने शुक्रवार को विकास योजनाओं की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को किसानों से जुड़ी योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने फार्मर रजिस्ट्री की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए तहसील और ब्लॉक स्तर पर विशेष कैंप लगाकर अधिक से अधिक किसानों का पंजीकरण कराने को कहा। साथ ही पंजीकरण के बाद किसानों का विवरण पोर्टल पर अपलोड कराने और इसकी लगातार निगरानी के निर्देश दिए।
आयुक्त सभागार में अगस्त माह की सेक्टरवार समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंडलायुक्त ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचना चाहिए। कृषि विभाग की समीक्षा में बरेली और शाहजहांपुर में डीएपी की उपलब्धता कम पाए जाने पर मंडलायुक्त ने तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
गन्ना मूल्य भुगतान की समीक्षा में बहेड़ी और नवाबगंज चीनी मिलों की प्रगति पीछे मिलने पर जिला गन्ना अधिकारी से नाराजगी जताई। बैठक में संयुक्त विकास आयुक्त देवेंद्र प्रताप, जिला कृषि अधिकारी ऋतुषा तिवारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
मत्स्य संपदा योजना में बदायूं का हाल खराब
मत्स्य पालन योजनाओं की समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त ने अधिक से अधिक तालाबों का पट्टा कराने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना में बदायूं की धीमी प्रगति पर समयबद्ध सुधार के निर्देश दिए गए। किसान क्रेडिट कार्ड में लंबित आवेदनों के शीघ्र निस्तारण के लिए संयुक्त विकास आयुक्त को लीड बैंक प्रबंधकों से वार्ता करने को कहा।