कार्रवाई के दौरान रोका गया रास्ता
- फोटो : अमर उजाला
आरिफ के ढहते रसूख को देखते रहे पड़ोसी
जगतपुर मार्ग पर दो मंजिला मार्केट हो या पीलीभीत बाइपास का तीन मंजिला शोरूम... सब मिट्टी में मिल गया। आरिफ से खौफजदा पड़ोसी कुछ बोलने के बजाय चुपचाप उसके ढहते वजूद को निहारते रहे। कुरेदने पर भी लोग बोलने से कतराते रहे। कैमरा बंद करने पर एक-दो लोगों ने जुबान खोली। बताया कि अधिकारी हो या कोई और, आरिफ रुपये के दम पर सबको खरीद लेता था। जो जमीन पसंद आ जाती थी, वह उसे हर कीमत पर हथिया लेता था। भूस्वामी के तैयार नहीं होने पर वह दबंगई भी करता था।
औने-पौने दामों पर खरीदी थीं जमीनें
पड़ोसियों ने बताया कि औने-पौने दाम पर वह जमीनें खरीदता था। जितनी जमीन वह खरीदता था, वहां उससे ज्यादा अवैध कब्जा कर लेता था। प्रेमनगर इलाके के अनिल कुमार बीडीए की कार्रवाई देखने आरिफ के शोरूम के पास आए थे। उन्होंने बताया कि आरिफ का रुतबा धराशाई होते देखकर बहुत खुशी हो रही है। उसने जहां भी कॉलोनी बसाई, वहां उसका आतंक रहा है। केवल जगतपुर और आसपास ही नहीं, बल्कि शहर के अधिकतर क्षेत्रों में आज भी उसकी दहशत है।
जमींदोज हुई अवैध इमारत
- फोटो : अमर उजाला
छावनी बना रहा इलाका
शोरूम को ढहाने के लिए रविवार को अवकाश के बावजूद बीडीए के अधिकारी-कर्मचारी सुबह नौ बजे दफ्तर पहुंच गए थे। फिर पूरी तैयारी के साथ टीम सुबह 11 बजे शोरूम पहुंची। साथ में एक पोकलेन और बुलडोजर भी था। सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव और बारादरी थानाध्यक्ष भी पुलिस-पीएसी बल के साथ मौके पर पहुंच गए। मजिस्ट्रेट रामजनम यादव भी आ गए।
बिजली कटवाने व अधिकारियों से बातचीत के बाद दोपहर 12 बजे से तोड़फोड़ शुरू हुई। दोपहर एक बजे एडीएम सिटी सौरभ दुबे, एसपी सिटी मानुष पारीक और सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री भी मौके पर पहुंचे। बीडीए के संयुक्त सचिव दीपक कुमार, एसडीएम अजीत सिंह, सहायक अभियंता धर्मवीर सिंह चौहान पूरी कार्रवाई के दौरान मौके पर डटे रहे। अधिकारी व पुलिसकर्मी भीड़ को खदेड़ते रहे। एहतियातन गार्डन सिटी के प्रवेश द्वार को भी बंद करा दिया था।