बरेली। पाकिस्तानी जासूस इजाज का उसके बरेली के परिचितों से शनिवार या रविवार को आमना सामना हो सकता है। रिमांड पर लिए गए जासूस को एसटीएफ छानबीन के वास्ते यहां ला रही है। एसटीएफ यहां उससे कई राज उगलवाने की कोशिश में है, क्योंकि उसका सबसे अहम टारगेट बरेली ही था।
प्रेमनगर इलाके के दीवानखाना में रह रहा पाकिस्तानी जासूस इजाज पिछले दिनों एसटीएफ के हत्थे चढ़ा था। उसकी गिरफ्तारी मेरठ से दिखाई गई थी। इस समय इजाज रिमांड पर है। पुलिस ने उसे मेरठ के सदर बाजार थाने में रखा है और उससे तमाम पहलुओं पर जांच की जा रही है। चूंकि इजाज बरेली के प्रेमनगर के दीवानखाना में रहता था, इसलिए यहां से अहम जानकारियां उससे मिल सकती हैं। इसी कारण पुलिस उसे रिमांड के दौरान यहां लाकर पूछताछ करेगी। सूत्रों के मुताबिक यहां उसके परिचित लोगों से आमना सामना भी कराया जाएगा। इजाज जिन लोगों के संपर्क में था और फोन आदि से बातचीत करता था, उनकी कॉल डिटेल के साथ सूची बना ली गई है। इजाज के यहां पहुंचते ही इन लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा।
भाई के फेसबुक अकाउंट ‘किंग’ से भेजता था सूचना
बरेली। पाकिस्तानी जासूस इजाज अपने भाई के फेसबुक अकाउंट पर ‘किंग’ से जासूसी करता था। बरेली और मेरठ समेत आसपास के इलाकों से वह जो भी सूचनाएं संकलित करता था, वह भाई के फेसबुक अकाउंट से अपने आकाओं के भेजता था। अब एसटीएफ इस अकाउंट से जुडे़ लोगों के बारे में भी छानबीन में लग गई है। पूछताछ के लिए इनकी भी सूची तैयार की जा रही है।
उसी के फेसबुक पर इजाज के भाई के पाकिस्तान के नेताओं के फोटो तथा अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां हैं। उसी से जुड़े लिंक के आधार पर केंद्रीय खुफिया एजेंसियों महत्वपूर्ण जानकारियां जुटा रहीं हैं। कई महत्वपूर्ण मामले भी खुले हैं जिनके आधार पर गहनता से पड़ताल की जा रही है।