बरेली। कोरोना के तेजी से प्रसार को देखते हुए हाईकोर्ट ने कोविड गाडलाइन का सख्ती से पालन कराने का आदेश दिया है। हाईकोर्ट की नई नियमावली के तहत अब कोविड-19 के नियमों का उल्लंघन करने पर ज्यादा प्रभावी तरीके से कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी शैलेश पांडेय ने पत्रकार वार्ता में इसकी बिंदुवार जानकारी दी। बाद में उन्होंने बाजार में घूमकर कई दुकानों के चालान भी कराए। दुकानदारों के खिलाफ लॉकडाउन उल्लंघन की रिपोर्ट दर्ज की गईं।
एसएसपी ने बताया कि नए निर्देश के मुताबिक दुकानों पर भीड़ की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। पुलिसकर्मी सादा कपड़ों में जाकर यह काम कर सकते हैं। वीडियो साक्ष्य के आधार पर जहां भीड़ और दो गज की दूरी के नियम का पालन न होता दिखेगा वहां ग्राहकों के चालान किए जाएंगे। दुकानदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। नियम तोड़ने वाली दुकानें सील भी कराई जाएंगी।
एसएसपी ने बताया कि नई नियमावली में बाजारों को अब पहले की तरह ऑड ईवन में खोला जा सकता है। इसके अलावा अलग-अलग हिस्सों में अलग दिन बाजार खुलवाए जा सकते हैं। हालांकि इस पर फैसला जिला प्रशासन को लेना है। डीएम जो व्यवस्था बनाएंगे, पुलिस उसे लागू कराएगी। पुलिस पांच महीने से बाजारों में लाउडस्पीकर लगाकर जनता और व्यापारियों को समझा रही है। अब केवल कार्रवाई होगी, लोग परेशानी से बचने के लिए नियमों का पालन शुरू कर दें।
बाजार में निरीक्षण को निकले एसएसपी तो मचा हड़कंप
एसएसपी ने गुरुवार को शहर के बाजारों में घूमकर ताबड़तोड़ कार्रवाई का आगाज कर दिया। उन्होंने कोतवाली से कुतुबखाना रोड से लेकर प्रेमनगर क्षेत्र के बाजार तक और श्यामगंज बाजार में निरीक्षण किया। इस दौरान भीड़भाड़ वाली दुकानों पर एसएसपी के पहुंचते ही हड़कंप मच गया। कई दुकानदारों ने शटर गिरा लिए तो कई दुकानें एसएसपी के साथ चल रही पुलिस ने बंद करा दीं। इस दौरान कई ग्राहकों का चालान भी कराया गया तो कई दुकानदारों पर लॉकडाउन उल्लंघन की रिपोर्ट लिखी गई। कोतवाली, प्रेमनगर और बारादरी क्षेत्र में करीब 50 रिपोर्ट दर्ज कराई गईं।
स्टैंड के बाहर मिलीं रोडवेज बसें तो होगी कार्रवाई
- गुरुवार शाम ढले बारादरी इंस्पेक्टर शितांशु शर्मा ने सेटेलाइट बस स्टैंड के बाहर सड़क पर खड़ी बसें अंदर करा दीं। उन्होंने चौराहे के आसपास खड़े ठेले और खोमचे भी हटवा दिए। शराब की दुकान के बाहर लगी भीड़ भी पुलिस को देखकर छंट गई। इंस्पेक्टर ने बताया कि जो ड्राइवर स्टैंड के बाहर रोडवेज बस खड़ी करेगा उसका वीडियो बनाकर एआरएम को रिपोर्ट भेजी जाएगी।