हाफिजगंज। कुंवरपुर बंजरिया गांव में पत्नी के मायके से न आने से आहत युवक ने फंदा लगाकर जान दे दी। सुबह उसका शव अपने ही कमरे में फंदे से लटका मिला।
गांव वालों ने बताया कि कुंवरपुर बंजरिया के रहने वाले रविंद्र शर्मा (42) का करीब एक सप्ताह पहले पत्नी से झगड़ा हो गया था। इसके बाद पत्नी अपने मायके उत्तराखंड के चंपावत चली गई। रविंद्र ने कई बार बातचीत की मगर पत्नी वापस नहीं आई। इस वजह से वह तनाव में चल रहे थे।
बृहस्पतिवार सुबह उन्होंने अपने कमरे में पत्नी की साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। काफी देर तक जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों ने दरवाजे पर दस्तक दी। अंदर से आवाज न आने पर वह लोग दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे। फंदे से शव लटकता देख पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव फंदे से नीचे उतारा।
जानकारी पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। इस संबंध में परिजनों ने अब तक पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी है। रविंद्र शर्मा के परिवार में तीन बेटियां और एक बेटा है।