नवाबगंज। हाथ में मेहंदी रचाकर प्रेमिका अपने प्रेमी के बरात लाने का इंतजार करती रही, लेकिन प्रेमी मौसेरी बहन को लेकर चला गया। प्रेमी के पिता ने थाना नवाबगंज में तहरीर देकर अपने साढ़ूृ पर कार्रवाई की मांग की है।
थाना नवाबगंज क्षेत्र के गांव की युवती और युवक के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों के परिजन पहले तो उनसे खफा थे, लेकिन बाद में दोनों का निकाह कराने पर सहमत हो गए। प्रेमी के परिजनों ने युवती की गोद भराई कर शीघ्र निकाह कराने की बात कही। इसी बीच प्रेमी शादी करने से मुकर गया। इससे गुस्साए प्रेमिका के परिजनों ने थाना नवाबगंज में दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए तहरीर दी।
इसके बाद हुई पंचायत में प्रेमी ने परिजनों ने बृहस्पतिवार को निकाह करने का दिन तय कर दिया। बृहस्पतिवार की शाम तक जब प्रेमी बरात लेकर नहीं पहुंचा तो प्रेमिका के परिजनों को चिंता सताने लगी। तभी जानकारी मिली कि प्रेमी युवक बरखेड़ा (पीलीभीत) क्षेत्र की अपनी मौसेरी बहन को लेकर चला गया है। इस पर प्रेमिका के परिजनों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। प्रेमी के पिता ने थाना नवाबगंज में अपने साढ़ू के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। संवाद