If the train does not run on time, then decide the time of transfer
- फोटो : अमर उजाला
चेयरमैन रेलवे बोर्ड अशोक कुमार मित्तल ने अफसरों को साफ हिदायत दी है कि अगर वे समय से ट्रेनें नहीं चला पाते हैं, तो वह अपने तबादलों का टाइम तय कर लें। व्यवस्था दुरुस्त न होने पर सीधे कार्रवाई की जाएगी। ट्रेनें लेट होने से यात्रियों को होने वाली दिक्कतें कई बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।
चेयरमैन रेलवे बोर्ड शनिवार देर शाम इज्जतनगर स्टेशन का निरीक्षण करने के बाद डीआरएम आफिस में अफसरों के साथ मीटिंग कर भी की थी। उन्होंने सबसे पहले डिवीजन में चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इसके बाद सभी विभागों के विभागाध्यक्षों से उनके द्वारा यात्रियों के हित में दी जाने वाली सुविधाओं की तैयारियों के बारे में पूछा। इसके साथ ही सीआरबी ने ट्रेनों में साफ सफाई के साथ ही बिजली, पानी और पंखों को गर्मियों में बिल्कुल दुरुस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही ट्रेनें वक्त से चलाने को कहा। उन्होेंने कहा कि अगर ट्रेन टाइम से चलेगी तो यात्री भी समय से अपने गंतव्य को पहुंच जाएंगे। जिससे उनका रेलवे के प्रति विश्वास बढ़ेगा।
सिटी और जंक्शन का नहीं किया निरीक्षण
इज्जतनगर स्टेशन के निरीक्षण के बाद सीआरबी को शनिवार को ही बरेली सिटी और जंक्शन का निरीक्षण करना था। यहां तैयारियां भी खूब की गई थीं, लेकिन पीलीभीत से ही सीआरबी सवा घंटे लेट सवा पांच बजे इज्जतनगर पहुंचे थे। इसलिए उन्होंने इज्जतनगर का निरीक्षण करने के बाद डीआरएम आफिस पहुंचकर अफसरों के साथ बैठक की और सिटी व जंक्शन का निरीक्षण रद्द कर दिया। सीआरबी आधी रात को ही दिल्ली के लिए रवाना हो गए।