फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: एक ही शिकायत कई बार आई तो होगी कार्रवाई

Sun, 07 Jul 2024 05:40 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
विज्ञापन
विज्ञापन
आंवला। तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम रविंद्र कुमार ने शिकायतें सुनीं। यहां कुल 137 फरियादी पहुंचे। नौ शिकायतों का मौके पर निस्तारण हुआ। डीएम ने परिसर में चंदन का पेड़ भी रोपा।
विज्ञापन

तहसील आंवला से आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुये कहा कि राजस्व अथवा अन्य किसी विभाग से संबंधित एक ही शिकायत यदि बार-बार आती है तो यह माना जाएगा कि शिकायत का वास्तविक निस्तारण नहीं किया गया है। संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई भी की जाएगी। जिस गांव से सबसे ज्यादा शिकायतें हैं, उस गांव में संबंधित अधिकारी खुद जाएं।
अपात्रों के राशन कार्ड निरस्त कर पात्रों को ही योजना का लाभ देने के लिए कहा। पेंशन से संबंधित लंबित मामलों का शीघ्र सत्यापन कराते हुए पात्रों को लाभ देने के निर्देश दिए। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा व हिंदू जागरण एवं स्वाभिमान सेवा समिति की ओर से डीएम को ज्ञापन देकर अतिक्रमण करके धर्मस्थल निर्माण का आरोप लगाया। भारतीय किसान यूनियन शंकर गुट के नेता प्रताप सिंह ने क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। भारतीय मजदूर संघ कार्यकर्ताओं ने भी डीएम को ज्ञापन दिया। यहां सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह, एसडीएम नहने राम, सीओ नीलेश मिश्र आदि अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन

वहीं, बहेड़ी में एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा और एडीएम (न्यायिक) आशीष कुमार ने शिकायतें सुनीं। यहां कुल 126 फरियादी पहुंचे। इनमें से 18 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। यहां एसडीएम अजय कुमार उपाध्याय, सीओ अरूण कुमार सिंह मौजूद रहे।
तहसील गेट के सामने भूख हड़ताल पर बैठा परिवार
आंवला। तहसील परिसर मेंं आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंची गैनी गांव की महादेवी तहसील गेट के सामने ही टेंट लगाकर परिवार के साथ भूख हड़ताल पर बैठ गईं। दिनभर परिवार यहां बैठा रहा। शाम 4:30 बजे एसडीएम नहनेराम उनकी शिकायत सुनने पहुंचे। महादेवी के परिवार के विजय वीर सिंह, जूली सिंह, राजपाल सिंह, राजवीर सिंह, संजीव सिंह आदि ने बताया कि राजस्व विभाग की ओर से पैमाइश के बाद उन्होंने अपनी जमीन पर दुकानों का निर्माण कराया था। सहखातेदार दुकानें खुलने नहीं दे रहे। एसडीएम ने सोमवार को दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर समाधान कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद परिवार ने हड़ताल समाप्त की। संवाद


46 शिकायतें आईं, सात का ही मौके पर निस्तारण

नवाबगंज। तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में एसडीएम और तहसीलदार ने शिकायतें सुनीं। यहां कुल 46 शिकायतें आईं, इनमें से सात का ही मौके पर निस्तारण हो सका। किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष महेंद्र पाल गंगवार ने ओसवाल चीनी मिल पर गन्ना भुगतान न देने का आरोप लगाया। कहा कि इस वजह से अगली फसल का खर्चा निकालना मुश्किल हो रहा है। एसडीएम ने उन्हें कार्रवाई का आश्वासन दिया। यहां सीओ हर्ष मोदी, महेश चंद्र शाक्य, सुनील भटनागर आदि मौजूद रहे। संवाद
-

कानूनगो को पकड़वाया तो नहीं कर रहे पैमाइश
मीरगंज। संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचे नौसना गांव के हबीब अहमद ने खेत की दोबारा से पैमाइश कराने की मांग की। आरोप लगाया कि उन्होंने रिश्वत लेते हुए कानूनगो को एंटी करप्शन की टीम से रंगे हाथों गिरफ्तार कराया था। इसके बाद से तहसील कर्मी उससे रंजिश रखते हैं। वह सही पैमाइश नहीं कर रहे। यहां कुल 40 शिकायतें आईं इनमें से दो का ही मौके पर निस्तारण हुआ। संपूर्ण समाधान दिवस के बाद एडीएम वित्त संतोष बहादुर सिंह, एसडीएम तृप्ति गुप्ता, तहसीलदार विशाल कुमार शर्मा ने पौधरोपण भी किया। संवाद


छुट्टा पशुओं को भेजें आश्रय स्थल
फरीदपुर। छुट्टा पशुओं से परेशान पिपरथरा, नवदिया इलाका सहोड़ा के कई किसान शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचे। उन्होंने एसडीएम निधि डोंडवाल को शिकायतीपत्र देकर छुट्टा पशुओं को आश्रय स्थल भिजवाने की मांग की। कहा कि गर्मी, बारिश में वह लोग खुले में रात गुजारकर फसल की रखवाली करने के लिए मजबूर हैं। छुट्टा पशुओं के हमले में अब तक कई किसानों की जान भी जा चुकी है। यहां कुल 36 शिकायतें दर्ज हुई, इनमें से एक का ही मौके पर निस्तारण हो सका। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें