बरेली। संस्कृत विद्यालयों में विद्यार्थियों की संख्या कम होने पर उप निरीक्षक ने नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि अगर किसी विद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या 105 से कम मिली तो प्रधानाचार्य व शिक्षकों पर कार्रवाई की जाएगी। बरेली, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर के 412 संस्कृत माध्यमिक विद्यालयों व महाविद्यालयों के प्रधानाचार्य व प्राचार्य की बैठक में उन्होंने यह निर्देश दिए।
शैक्षिक सत्र 2025-26 में कक्षावार प्रवेश की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली। इस पर उन्होंने नाराजगी जताई। कहा कि विद्यार्थियों की संख्या कम से कम 105 होनी चाहिए। इसके लिए शिक्षक, प्रधानाचार्य जनसंपर्क कर विद्यार्थियों का प्रवेश करना सुनिश्चित करें। साथ ही मध्याह्न भोजन व्यवस्था व निशुल्क पुस्तक वितरण के लिए अपने स्तर से संबंधित अधिकारियों से बात करें।
डीआईओएस के माध्यम से प्रत्येक विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रोजेक्ट अलंकार योजना के तहत विद्यालय का अंशदान सुनिश्चित करते हुए प्रस्ताव तत्काल निदेशालय को भेजे। इसके अलावा यह भी ध्यान रखें कि प्रधानाचार्य वर्तमान सत्र से त्रैमासिक, अर्द्धवार्षिक व वार्षिक गृह परीक्षा का परीक्षाफल वेबसाइट पर समय से अपलोड कराएं। संवाद