कांवड़ियों के गांव लौटते वक्त बढ़ा विवाद, कई घायल, दोनों पक्षों ने दी तहरीर
नवाबगंज। गंगाजल लेकर गांव लौटे कांवड़ियों के फ्लेक्स पर अपना फोटो न देखकर दूसरे पक्ष ने गोबर फेंक दिया। इसके बाद दो पक्षों में मारपीट हो गई। थाना नवाबगंज में दोनों पक्षों ने तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि बीते वर्ष गांव से एक ही जत्थे में कांवड़िये गंगाजल लेने गए थे, लेकिन इस बार अलग अलग जत्थे मेें गए। फ्लेक्स पर अन्य लोगों के फोटो नहीं थे, जिससे एक पक्ष नाराज हो गया था। अंतिम सोमवार को बकुचिया किशनपुर गांव में कांवड़ियों के आते समय उनके फ्लेक्स पर गोबर फेंके गए। गांव के लाखन सिंह, महेन्द्रपाल, पवन कुमार, उमेश कुमार का आरोप है कि शाम को सब लोग अपने-अपने घरों में खाना खा रहे रहे थे। इसी बीच गांव के अजय कुमार, हरीश कुमार, सुरेश, शिवम आदि हाथों में डंडा लेकर घरों में घुस आए और उनपर हमलावर हो गए। पुलिस ने महेंद्रपाल को मेडिकल के लिए भेजा है। संवाद