ज्यादातर होटल मालिकों ने अमर उजाला से बातचीत में सरकार से कारोबार शुरू करने की अनुमति मिलने के बावजूद नाउम्मीदी जाहिर की। उन्होंने कहा कि सोमवार से कारोबार तो शुरू हो जाएगा लेकिन बाजार में सन्नाटा छाया हुआ है। दिल्ली और उत्तराखंड से आवाजाही बंद है। ग्राहकों के आने की बहुत ज्यादा उम्मीद नहीं है। वैसे भी जब तक कोरोना का खतरा है तब तक शायद ही कोई दूसरे शहर में होटल में रुककर रात गुजारना पसंद करे। लिहाजा फिलहाल काफी वक्त तक होटल कारोबार के पुराने दिन लौटने की उम्मीद नहीं की जा सकती। हालांकि होटल-रेस्टोरेंट खुलने का फायदा यह होगा कि लोगों के लिए यहां रास्ता खुल जाएगा तो वे धीरे-धीरे आना भी शुरू करेंगे। एक मुश्किल यह भी है कि तमाम लेबर और कारीगर इधर-उधर हो गए हैं, अब उन्हें तलाश करना पड़ेगा।
विज्ञापन
सरकार ने उम्मीद से पहले ही होटल कारोबार शुरू करा दिया है। हम पूरी तरह तैयार हैं। कारोबार शुरू होने से गतिविधियां बढ़ेंगी लेकिन होटलों को बार चलाने की भी अनुमति मिलनी चाहिए क्योंकि लाखों रुपये शुल्क जमा करके हमें लाइसेंस मिला है। - गिरीश ओबराय, होटल कारोबारी
होटल व्यवसाय ढाई महीने से बंद पड़ा हुआ है लिहाजा इसे दोबारा शुरू कराना काफी मुश्किल भरा काम है। फिर भी तैयारी शुरू कर हमने सभी कमरे और होटल को सैनिटाइज करा दिया है। सरकार का यह कदम इस कारोबार को डूबने से बचाएगा। - रौनक सिंह बग्गा, होटल कारोबारी
पिछले सप्ताह से ही चर्चा हो रही थी कि सोमवार से होटल कारोबार शुरू हो जाएगा। केंद्र सरकार ने गाइड लाइन भी जारी कर दी थी। इसलिए हम मानक के अनुरूप होटल में काम करा रहे हैं। हालांकि अभी रेस्टोरेंट शुरू करने में समस्या आएगी। - सतीश अग्रवाल, होटल कारोबारी
सरकार ने कारोबार हित में फैसला सख्त शर्तों के साथ लागू किया है। अभी रेस्टोरेंट शुरू करने में एक दो दिन लग सकते हैं। गेट पर प्रवेश के दौरान थर्मल चेकिंग अनिवार्य होगी। - राजशेखर, होटल कारोबारी
मॉल में सभी शॉप को सैनिटाइज करा दिया गया है। सरकार की गाइड लाइन का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। मॉल में किसी का भी प्रवेश बगैर थर्मल जांच के नहीं होने दिया जाएगा। - विवेक जौहरी, जीएम
होटल में काम करने वाले सभी कारीगरों को मास्क, कैप और ग्लब्स पहनाकर काम लिया जाएगा। ग्राहकों को होटल में बैठाने के लिए सीटों की दूरी बढ़ाई जाएगी। - मोहम्मद कासिम, रेस्टोरेंट मालिकविज्ञापन
होटल खोलने के लिए शासन-प्रशासन से जो भी गाइड लाइन दी जाएगी उसी के मुताबिक होटल का संचालन किया जाएगा। पूरी सावधानी और साफ. सफाई के साथ ग्राहकों को सामाजिक दूरी से तहत बैठाया जाएगा। - राकेश कुमार, रेस्टोरेंट मालिक