बरेली। राशन कार्ड में दर्ज मुखिया या किसी सदस्य के निधन के बावजूद सभी सदस्यों के सापेक्ष राशन उठान की मिल रही शिकायतों पर अब राशन कार्डों का सत्यापन शुरू होगा। किसी परिवार में अंत्योदय कार्ड समेत पात्र गृहस्थी का राशन कार्ड मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई होगी।
जिला पूर्ति अधिकारी नीरज सिंह के मुताबिक पिछले वर्ष राशन कार्डों के सत्यापन में करीब छह हजार राशन कार्ड निरस्त किए गए थे। निरस्त कार्डों के सापेक्ष ही पात्रता के बावजूद योजना से वंचित करीब छह हजार से ज्यादा लोगों को जोड़ा गया।
बताया कि जिलाधिकारी और अन्य जिला स्तरीय अधिकारियों को अंत्योदय कार्ड का लाभ अपात्र लोगाें द्वारा लिए जाने, परिवार के एक व्यक्ति के नाम से अंत्योदय और शेष के नाम से पात्र गृहस्थी के कार्ड बनाए जाने, अंत्योदय कार्ड धारक की मौत के बावजूद सदस्यों की ओर से पूरा राशन लिए जाने की शिकायतें मिल रही हैं। जिसका संज्ञान लेकर जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने सत्यापन के निर्देश दिए हैं। पूर्ति निरीक्षकों को पत्र भेजकर सत्यापन के बाद संशोधित सूची उपलब्ध कराने को कहा है। ब्यूरो