बरेली। बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में निर्वाचन आयोग के निर्देश के तहत मतदान के दौरान मतदाता को अपनी पहचान साबित करनी होगी। वोटर कार्ड न होने पर अन्य 10 वैकल्पिक दस्तावेजों में से कोई एक प्रस्तुत करना अनिवार्य है।
अपर आयुक्त (प्रशासन) एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी प्रीति जायसवाल के मुताबिक, मतदाता पहचानपत्र के विकल्प के रूप में आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड और भारतीय पासपोर्ट मान्य होंगे। इसके अलावा केंद्र या राज्य सरकार, सार्वजनिक उपक्रम, स्थानीय निकाय, निजी औद्योगिक संस्थान से जारी सेवा पहचानपत्र दिखाया जा सकता है।
सांसदों, विधायकों, पार्षदों को जारी सरकारी पहचानपत्र, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के मतदाता के शैक्षिक संस्थान से जारी सेवा पहचानपत्र, विश्वविद्यालय की डिग्री या डिप्लोमा का मूल प्रमाणपत्र भी मान्य होगा। दिव्यांग मतदाता सक्षम प्राधिकारी की ओर से जारी दिव्यांगता संबंधी मूल प्रमाणपत्र या सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की ओर से जारी यूडीआईडी कार्ड प्रस्तुत कर सकते हैं। मतदान 23 अक्तूबर को जिले के 25 मतदेय स्थलों पर बैलट पेपर से होगा।
निर्वाचन अधिकारी और कार्मिकों का प्रशिक्षण शुरू
बरेली। विधान परिषद शिक्षक निर्वाचन-2026 के तहत सोमवार को रवींद्रनाथ टैगोर इंटर कॉलेज में निर्वाचन अधिकारी और कार्मिकों का प्रशिक्षण हुआ। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने प्रशिक्षण की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने में सभी के सहयोग की जरूरत बताई। इसके लिए सभी संशय दूर करने और छोटी-से-छोटी जानकारी को अच्छे तरीके से समझने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने निर्वाचन के प्रत्येक चरण को समझने, जानकारी के अनुसार अपने दायित्वों का निर्वहन पूरा करने पर जोर दिया। काम में त्रुटि मिलने पर कार्रवाई की हिदायत दी। यहां सीडीओ देवयानी, एडीएम एफआर संतोष कुमार सिंह, डीडीओ दिनेश कुमार यादव, डीआईओएस डॉ. अजीत कुमार, कॉलेज प्रधानाचार्य वंदना मिश्रा आदि मौजूद रहे।