बदायूं में सिपाही की पिटाई से आहत ग्रामीण ने चौकी में विषैला पदार्थ खा लिया। पांच घंटे के इलाज के बाद ग्रामीण की जान नहीं बच सकी। परिवार ने फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के आसफपुर चौकी पर जमकर हंगामा किया।
बदायूं के फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र की आसफपुर चौकी में एक सिपाही की पिटाई से आहत ग्रामीण ने जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर उसे चौकी पुलिस ने परिजनों को सौंप दिया।
विज्ञापन
परिजन ग्रामीण को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां से उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। शनिवार रात करीब 11 बजे ग्रामीण की मौत हो गई। परिजन शव आसफपुर चौकी लेकर पहुंचे।
जहां परिजनों ने सिपाही के खिलाफ कार्रवाई को लेकर हंगामा किया। करीब दो घंटे तक परिजनों ने हंगामा किया। इसके बाद इंस्पेक्टर ने सिपाही पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम को भेजा गया।
विज्ञापन
आसफपुर कस्बा निवासी आकाश यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शनिवार सुबह उनके व पड़ोस के रहने वाले सुदेश यादव के बच्चों में विवाद हो गया। विवाद होने पर दोनों परिवार के लोग आमने सामने आ गए। लेकिन गांव के लोगों ने विवाद को शांत करा दिया था। इसके बाद दूसरे पक्ष ने चौकी पर शिकायत की थी।
Trending Videos
जिसके चलते आसफपुर पुलिस चौकी पर तैनात एक सिपाही उसके पिता जगतवीर (45) पुत्र बदन सिंह यादव को घर से पकड़कर चौकी पर ले गया था। आकाश का आरोप है, सिपाही ने उसके पिता जगतवीर के साथ मारपीट की।
जिससे आहत होकर पिता ने जेब में मौजूद चूहा मार जहरीला पदार्थ खा लिया। इससे जगतवीर की हालत बिगड़ गई। पुलिस ने जगतवीर के परिजनों को बुलाया और कहा कि वह जहरीला पदार्थ खाकर चौकी पर आया है।
परिजन आनन फानन हालत बिगड़ने पर जगतवीर को आसफपुर सीएचसी ले गए। यहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद जगतवीर को मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया।
करीब पांच घंटे तक जगतवीर का उपचार किया गया, लेकिन सुधार न होने पर रात 11 बजे मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर ने जगतवीर को रेफर करने की सलाह दी। इसी बीच जगतवीर की मौत हो गई।
चौकी पर शव रखकर हंगामा परिवार के लोग शनिवार देर रात ही जगतवीर के शव को मेडिकल कॉलेज से आसफपुर पुलिस चौकी लेकर पहुंचे। यहां परिजनों ने उन्होंने सिपाही के खिलाफ कार्रवाई को लेकर हंगामा किया।
करीब दो घंटे तक परिजनों का हंगामा चलता रहा। इंस्पेक्टर इंद्र कुमार के समझाने के बाद परिजन शांत हुए। परिजनों ने सिपाही के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। चौकी पुलिस की करतूत उजागर होने के बाद अधिकारी मामले की जांच पड़ताल में जुटे हुए हैं।