बरेली। आदिनाथ चौराहे से सौ फुटा की तरफ जाने वाली सड़क पर अतिक्रमण की वजह से दिनभर वहां जाम जैसे हालात रहते हैं। वहां सड़क के दोनों ओर ठेले व फड़ लग जाते हैं। इसके बाद ऑटो वाले खड़े हो जाते हैं। इससे यहां जाम लगता है। सबसे ज्यादा दिक्कत नौकरीपेशा लोगों को होती है। जाम में फंसकर उनका काफी समय बर्बाद होता है।
सौ फुटा रोड अब कहने को ही सौ फुटा रह गई है। सड़क के दोनों तरफ जबरदस्त अतिक्रमण है। यहां ठेले व फड़ लग गए हैं। रही सही कसर ऑटो वालों ने पूरी कर दी है। आदिनाथ चौराहे से मुड़ते ही कुछ दूरी पर सौ फुटा मार्ग है। पीलीभीत बाइपास से मिनी बाइपास व आदिनाथ चौराहे की तरफ जाने वाले लोग सौ फुटा रोड से होकर गुजरते हैं। इसके साथ ही यहां से सीधे पीलीभीत के लिए रास्ता जाता है। सौ फुटा मार्ग से आदिनाथ चौराहे की तरफ मुड़ते ही लोगों को जाम झेलना पड़ता है। डेढ़ से दो मिनट के सफर के लिए 10-15 मिनट लग जाते हैं। यहां पुलिसकर्मियों की ड्यूटी भी लगती है, लेकिन उन्हें अतिक्रमण व ऑटो वालों को हटाने से कोई मतलब नहीं रहता।
सुबह 7 से 11 बजे तक रहता है जाम
आदिनाथ चौराहे से आगे मंडी समिति है। यहां फलों व सब्जियों की दर्जनों आढ़ते हैं। शहर के 90 प्रतिशत सब्जी विक्रेता ठेले आदि लेकर यहीं से सब्जी लेने आते हैं। इसके अलावा सब्जी व फलों से भरी डीसीएम व ट्रक आदि के आने व मंडी से निकलने का सिलसिला भी जारी रहता है। सब्जी खरीदने के लिए भी मंडी में सैकड़ों की भीड़ उमड़ती है। इस कारण यहां सुबह 10-11 बजे तक जबरदस्त भीड़ रहती है। ऐसे में सड़क पर अतिक्रमण जाम को नासूर बना देता है। संवाद
ऑटो व अवैध ठेले व फड़ों को हटाने व उनका चालान करने के लिए पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया गया है। सौ फुटा रोड पर भी अभियान चलाया जा रहा है। - शिवराज, एसपी ट्रैफिक