दोपहर में लगा जाम रात तक नहीं खुल सका, बार-बार फाटक बंद होने से रुका ट्रैफिक तो लगा जाम
फतेहगंज पूर्वी। लखनऊ हाईवे स्थित हुलासगरा क्रॉसिंग पर चल रहे ओवरब्रिज निर्माण की वजह से जाम की समस्या लगातार विकराल होती जा रही है। ओवरब्रिज का निर्माण कार्य बेहद धीमी गति से चलने से जाम की स्थिति से जल्द छुटकारा मिलने की उम्मीद भी नजर नहीं आ रही है। रविवार दोपहर एक बजे से क्रॉसिंग पर जाम लगना शुरू हुआ जो कुछ ही देर में कई किलोमीटर तक पहुंच गया।
लंबा जाम लगने पर मीरानपुर कटरा और फतेहगंज पूर्वी पुलिस हरकत में आ गई और जाम खुलवाने में जुट गई, लेकिन रात तक पुलिस को कामयाबी नहीं मिल सकी। हुलासनगरा क्रॉसिंग पर पुलिस ने बैरिकेडिंग पहले से कर रखी है। वाहनों को एक ही साइड से निकाला जा रहा है। ट्रेनों को पास कराने के लिए फाटक के बार-बार बंद होने से स्थिति और ज्यादा खराब हो जाती है। क्रॉसिंग के पास सड़क का निर्माण कार्य चलने से वाहनों को निकलने के लिए जगह भी कम रह गई है। वाहन बेहद धीमी गति से निकल पाते हैं। क्रॉसिंग पर वाहनों का दबाव कम करने के लिए पुलिस ने छोटे वाहनों को कसरक और जैतीपुर लिंक मार्ग से निकलवाया। पुलिस ने देर रात तक ही जाम से राहत मिलने की उम्मीद जताई।
फरीदपुर में बाईपास पर ट्रक पलटने से तीन घंटे लगा जाम
फरीदपुर। गन्ना लदा ओवरलोड ट्रक नगर में ओवरब्रिज से आगे नेशनल हाईवे पर अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे बाईपास पर तीन घंटे तक जाम लगा रहा। इस दौरान बरेली और लखनऊ की तरफ से जाने वाले वाहनों को नगर के अंदर से होकर गुजरना पड़ा। नगर में वाहनों का दबाव बढ़ने पर जाम की स्थिति उत्पन्न होने लगी।
ककरा कलां क्रय केंद्र से गन्ना लेकर द्वारिकेश चीनी मिल जा रहे ट्रक रविवार दोपहर ओवरब्रिज से आगे बाईपास पर असंतुलित होकर पलट गया। पूरे रोड पर गन्ना फैल जाने से यातायात थम गया। कुछ ही देर में दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब तीन घंटे बाद पुलिस ने ट्रक को क्रेन से हटवाकर जाम खुलवाया। जाम की वजह से अधिकांश वाहनों को नगर के अंदर से होकर गुजरना पड़ा। इससे नगर में भी जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। उधर, दिल्ली-लखनऊ हाईवे के कई जगह टूटे होने से अक्सर वाहन पलट जाते हैं। इससे कई-कई घंटे लंबा जाम लग जाता है। इससे वाहन चालकों और यात्रियों को बेहद परेशानी का सामना करना पड़ता है।