बरेली। जिले की सभी तहसीलों में सोमवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। डीएम अविनाश सिंह ने बहेड़ी तहसील में जन सुनवाई की। यहां 98 शिकायतें आईं। सकरस गांव के करन सिंह सागर ने बताया कि एस्टीमेट बनने के बावजूद हाईटेंशन लाइन को मकान के ऊपर से शिफ्ट नहीं किया गया। इस पर डीएम ने नाराजगी जाहिर की। अधिशासी अभियंता को लाइन शिफ्ट कराने के आदेश दिए। आदर्श कॉलोनी के लोगों ने भी ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन हटाने की मांग की।
सीताराम कश्यप ने रिछा व सैदपुर रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज, इज्जतनगर से बहेड़ी तक रेलवे लाइन के दूसरी ओर सड़क बनवाने की मांग की। बरगवां के लोगों ने खेत में खड़ी फसल को नुकसान पहुंचाने व छह पेड़ काटने की शिकायत दर्ज कराई। डीएम अविनाश सिंह ने तहसीलदार और थानाध्यक्ष को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। फरीदपुर परगना रिछा के एक पीड़ित ने तालाब पर अवैध कब्जे की शिकायत की। डीएम ने ईओ फरीदपुर को कार्रवाई का निर्देश दिया।
सदर तहसील में 32 शिकायतें आईं। चौधरी तालाब निवासी बुजुर्ग नेत्रपाल सिंह ने एडीएम सिटी सौरभ दुबे को बताया कि उन्होंने अक्तूबर में भी शिकायत की थी। उनके घर में बिजली निगम के कर्मियों ने उनको बताए बिना ही मीटर लगा दिया। डोहरा गौटिया की सुनीता देवी ने बताया कि पहले उनका नाम काटकर राशनकार्ड पर उनके पति को मुखिया बना दिया गया। अब सुनीता और उनके दो बच्चों के नाम राशनकार्ड से कट गए। सुनीता ने बताया कि कई बार तहसील में प्रार्थनापत्र दिया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई है। संवाद
कानूनगो से नोकझोंक
नवाबगंज। एडीएम वित्त एवं राजस्व संतोष कुमार सिंह ने जनसुनवाई की। अमशाह गांव के सेवानिवृत्त कानूनगो प्रेमपाल ने बताया कि कानूनगो खेत की पैमाइश नहीं कर रहे हैं। अधिकारियों के सामने ही कानूनगो ने पैमाइश करने से मना कर दिया। इस पर इन दोनों में नोकझोंक हुई। बाद में एसडीएम उदित पंवार ने दोनों को समझाकर टीम गठित कर जांच के आदेश दिए। संवाद