नवाबगंज। नगरपालिका परिषद नवाबगंज के प्रत्येक वार्ड में कितने पालतू और कितने आवारा कुत्ते मौजूद हैं। इसको लेकर शासन ने विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। आदेश मिलते ही नगर पालिका प्रशासन हरकत में आ गया है। वार्डवार गणना शुरू करा दी गई है।
नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी रामरतन अम्बेश ने सफाई प्रभारी अमर सिंह को पत्र जारी कर तीन दिन के भीतर संपूर्ण नगर की रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। निर्देश मिलते ही सफाई प्रभारी ने सफाई नायक नत्थू लाल, कढ़ेराम, रामआसरे और सोनू को अपने-अपने क्षेत्रों में पालतू और आवारा कुत्तों की संख्या जुटाने का आदेश दिया है। इस रिपोर्ट के आधार पर कस्बे में कुत्तों को नियंत्रित करने और पालतू पशुओं को लेकर नई व्यवस्था लागू करने की तैयारी में है। संवाद