नवाबगंज। बिजली के खंभे से करंट की चपेट में आकर गौरव की मौत के बाद उसके परिवार के उम्मीदों को झटका लगा है। परिवार का सपना था कि गौरव यूपीएचसी की परीक्षा पास कर एक दिन अधिकारी बनकर परिवार व कस्बे का नाम रोशन करेगा, लेकिन उससे पहले ही उसकी मौत की खबर ने परिवार को झकझोर दिया। इस घटना के बाद उसकी मां राधा देवी, भाई सुरेंद्र कुमार, बहन लवी और नीरज का रो-रोकर हाल बेहाल रहा।
छात्र गौरव गंगवार की मौत की घटना के समय उसके पिता छत्रपाल गंगवार मौके से 50 मीटर दूरी पर एक दुकान पर बैठे थे। घटना के बाद अफरा-तफरी मचने पर उन्होंने लोगों से जानकारी ली तो पता चला कि एक युवक को करंट लग गया है। जब वह जाने लगे तो उनके एक परिचित ने बताया कि घटना उनके बेटे के साथ हुई है। बेटे का शव देखकर वह बेसुध हो गए। हालांकि पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। संवाद