बरेली। स्पोर्ट्स स्टेडियम में एक जिला एक खेल योजना के तहत हॉकी जल्द दोबारा शुरू हो सकती है। जिला हॉकी संघ ने इसके लिए लगातार प्रयास तेज कर दिए हैं। पूर्व कोच के चले जाने के बाद से हॉकी का मैदान सूना पड़ा था।
स्पोर्ट्स स्टेडियम में पूर्व कोच के जाने के बाद हॉकी का ग्राउंड फुटबॉल खिलाड़ियों को दे दिया गया था। नए कोच की जगह न निकलना हॉकी के खत्म होने की बड़ी वजह बन रही थी। स्टेडियम प्रशासन ने पूर्व कोच की रिपोर्ट साई सेंटर को तीन माह बाद भेजी। इससे नए कोच की नियुक्ति में और देरी हुई। जिला हॉकी संघ ने अब लखनऊ में निदेशालय को पत्र लिखकर हॉकी को दोबारा जगह देने की मांग की है। संघ के सचिव वसीम खान ने बताया कि वे लगातार इस विषय पर प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने आरएसओ से भी मुलाकात की है। पूर्व कोच की रिपोर्ट स्टेडियम से साई केंद्र को तीन माह बाद भेजी गई थी। उन्होंने कहा कि वे जल्द ही खेल निदेशालय के निदेशक आरपी सिंह से मिलेंगे। आरपी सिंह उत्तर प्रदेश हॉकी संघ के अध्यक्ष भी हैं। साई सेंटर ने स्पोर्ट्स स्टेडियम को हॉकी का कैंप दोबारा चलाने के निर्देश दिए हैं। इन प्रयासों से हॉकी के फिर से शुरू होने की उम्मीद जगी है। संवाद