बरेली। गृहकर बिलों की गड़बड़ियों को दुरुस्त करने के लिए नए शिविरों का रोस्टर जारी किया गया है। नगर निगम के कर विभाग ने तीन जोन में अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटी भी तय कर दी है। जारी सूची के मुताबिक अलग-अलग तारीखों में 11 शिविर लगाए जाएंगे। इसमें जीआईएस सर्वे करने वाली फर्म के कर्मचारी भी शामिल होंगे। शिविर सुबह दस से दोपहर दो बजे तक आयोजित किए जाएंगे।
जोन एक के वार्ड 68 खन्नू मोहल्ला नरसिंह मंदिर में 29 नवंबर को, वार्ड 22 खलीलपुर स्थित नगर निगम मार्केट में सात दिसंंबर को, वार्ड 63 साहूकारा की धर्मशाला मार्केट में 13 दिसंबर को, वार्ड 55 सैदपुर हॉकिंस की मेगा ड्रीम कॉलोनी में 20 दिसंबर को शिविर लगाए जाएंगे। जोन दो के वार्ड 64 सिकलापुर स्थित शिव फोम में पांच दिसंबर को, वार्ड 32 गांधी उद्यान के निकट एलए होटल में नौ दिसंबर को, वार्ड 69 शाहबाद के डिलाइट मैरिज हॉल में 10 दिसंबर को शिविर लगाए जाएंगे।
जोन तीन के वार्ड 16 संजयनगर में त्रिमूर्ति चौराहे पर 27 नवंबर को, वार्ड 65 सुरेश शर्मा नगर के लक्ष्मी नगर में चार दिसंबर को शिविर लगेंगे। जोन चार के वार्ड 23 इंद्रानगर में पार्षद सतीश कातिब के कैंप कार्यालय पर 28 नवंबर को, वार्ड 46 गांधीपुरम स्थित दुर्गा टेंट हाउस के पास गांधीपुर में तीन दिसंबर को शिविर लगाए जाएंगे।
ज्यादातर शिकायतों में जीआईएस सर्वे से जुड़ी खामियां सामने आ रही हैं। इनके निस्तारण के लिए सर्वे से जुड़े तकनीकी कर्मचारियों को भी इस बार शिविर में शामिल किया गया है। - प्रदीप कुमार, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी
संवाद