बरेली। कमिश्नर प्रमांशु कुमार और डीआईजी आशुतोष कुमार ने कानून व्यवस्था की मंडलीय समीक्षा बैठक में कहा कि होली पर पंचायत चुनाव में विजयी और पराजित प्रत्याशी एक दूसरे के खिलाफ हिंसक माहौल पैदा कर सकते हैं। उन्होंने अफसरों से कहा कि इस तरह के गांवों को अभी से चिह्नित कर लिया जाए। हिंसा की आशंका वाले गांवों में ज्यादा ध्यान दें। थाना प्रभारी गांवों में पहुंच क र दोनों पक्षों को सख्त हिदायत दें। ऐसे गांवों में हिंसा की आशंका वाले व्यक्तियों को जिला बदर की कार्रवाई की जाए।
कमिश्नरी सभाकक्ष में कमिश्नर और डीआईजी ने कहा कि चारों जिलों में हम भी संयुक्त रूप से दौरा करेंगे। थाना प्रभारी हिंसा की आशंका वालों को अभी पाबंद करके उनकी मजिस्ट्रेट के यहां पेशी कराएं। उन्होंने कहा कि खुफिया रिपोर्ट है कि मंडल में अवैध असलाह बन रहे हैं। असलाह बनाने वालों के खिलाफ गांव-गांव में अभियान चलाएं। 15 मार्च के बाद किसी भी थाना क्षेत्र में मंडल की टीम को छापे के दौरान शस्त्र बनाने की फैक्ट्री मिली तो उस क्षेत्र के एसओ और सीओ के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसी तरह के निर्देश अवैध शराब बनाने वालों के खिलाफ अभियान चलाने को दिए हैं। बैठक के दौरान जुलाई में एक दिन के अंदर पौधारोपण कराकर विश्व रिकार्ड बनाने का अभियान चलाने की जिम्मेदारी डीएम और सीडीओ को सौंपी गई। आरटीआई के लंबित मामलों, आधार कार्ड बनाने के अभियान को सफल बनाने के भी निर्देश दिए गए। किसानों को गन्ने का भुगतान न करने पर नाराजगी जाहिर की गई। विकास कार्यों को अभियान चलाकर पूरा कराने की जिम्मेदारी सीडीओ को सौंपी गई । बैठक में मंडल के डीएम, एसएसपी, सीडीओ और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।