बरेली। द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) की ओर से जारी सीए फाइनल के परिणाम में जिले के 11 विद्यार्थियों ने मेधा का परचम लहराया। दोनों ग्रुप में उत्तीर्ण होकर इन्होंने सीए बनने का मुकाम हासिल किया। रिद्धिमा अग्रवाल ने सबसे अधिक 410 अंक हासिल करके पहला व मो. सैफ ने 364 अंक लाकर दूसरा स्थान हासिल किया है।
सेंट्रल इंडियन चार्टर्ड अकाउंटेंट्स स्टूडेंट्स एसोसिएशन (सिकासा) अध्यक्ष नवीन अग्रवाल ने कहा कि जिले में 83 ने पहले ग्रुप व 32 विद्यार्थियों ने दूसरे ग्रुप और 64 विद्यार्थियों ने दोनों ग्रुप की परीक्षा दी। इनमें से 11 विद्यार्थी दोनों ग्रुप में सफलता पाकर सीए बन गए हैं। देर शाम तक विद्यार्थी अपना परिणाम चेक करते रहे। ऐसे में सिकासा देर रात तक उत्तीर्ण विद्यार्थियों का डाटा अपडेट करता रहा।
इन्हें मिली सफलता
देर शाम तक प्राप्त सूचना के अनुसार शहर से रिद्धिमा अग्रवाल, मो. सैफ, ऋतिक कुमार जैसवार, वृंदा अग्रवाल और शिवम अग्रवाल ने दोनों ग्रुप उत्तीर्ण कर चार्टर्ड अकाउंटेंट की योग्यता प्राप्त कर ली है। इशिका अग्रवाल, स्नेहा गुप्ता, चेस्टा त्रेहान, सिद्धार्थ नगाइच, हर्षिका अरोड़ा, चमनप्रीत सिंह भी शेष ग्रुप क्लियर कर चार्टर्ड अकाउंटेंट बन गए हैं। हर्षिता वर्मा और अल्विया आतिफ ने अपना दूसरा ग्रुप क्लियर किया है। शाखा अध्यक्ष सीए रवि जौहरी ने सभी नव उत्तीर्ण चार्टर्ड अकाउंटेंट को शुभकामनाएं दीं।
सीए भाई ने दी रिद्धिमा को प्रेरणा
अमाया विहार, स्टेडियम रोड निवासी रिद्धिमा अग्रवाल के पिता रविंद्र अग्रवाल एलआईसी में शाखा प्रबंधक व मां मुक्ता अग्रवाल गृहिणी हैं। उनके भाई सीए पांशुल अग्रवाल ने दो वर्ष पूर्व परीक्षा उत्तीर्ण की थी। रिद्धिमा को भाई ने प्रेरित किया। उन्होंने 10वीं तक की पढ़ाई डीपीएस व कॉमर्स स्ट्रीम से 12वीं जीआरएम स्कूल, नैनीताल रोड से 2020 में किया। वर्ष 2023 में डीयू से बीकॉम ऑनर्स किया है। वर्तमान में वह गुरुग्राम में सीए इंटर्नशिप कर रही हैं।
योजना बनाकर करें तैयारी
रिद्धिमा ने ऑनलाइन तैयारी की। सफलता के लिए स्वयं अध्ययन पर ध्यान दिया। 10 से 12 घंटे तक पढ़ाई की। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से परीक्षा समय में दूरी बनाई। उन्होंने योजना बनाकर तैयारी करने को सफलता का मंत्र बताया। संवाद
पहले प्रयास में दोनों ग्रुप किए उत्तीर्ण
मोहल्ला ऊंचा, फरीदपुर निवासी मोहम्मद सैफ ने पहले प्रयास में सीए के दोनों ग्रुप को उत्तीर्ण किया है। उन्होंने सीएएस इंटर कॉलेज, फरीदपुर से 12वीं तक की पढ़ाई वर्ष 2017 में पूरी की। बरेली कॉलेज से वर्ष 2020 में बीकॉम 68 प्रतिशत के साथ उत्तीर्ण किया। उनके पिता हसीन अहमद कपड़ा व्यापारी व मां नसरीन बेगम गृहिणी हैं। उन्होंने कहा कि बड़े भाई और बहन तबस्सुम ने आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
रिवीजन पर दें विशेष ध्यान
सैफ ने तैयारी के लिए सभी कक्षाएं ऑनलाइन लीं। सोशल मीडिया का इस्तेमाल नहीं किया। सीए की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को सुझाव देते हुए कहा कि सफलता का लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करें। अपने शिक्षक के निर्देशों का पालन करें। पढ़ाई के लिए आईसीएआई की पठन सामग्री पर ध्यान दें। वहीं, थ्योरिटिकल पेपर के लिए लिखित रूप से अभ्यास करें। नया पढ़ने के साथ रिवीजन भी करते रहें।