बरेली। शहर में लगे होर्डिंग पर आंधी का खतरा मंडरा रहा है। इसके बावजूद विज्ञापन एजेंसियों ने उनका स्ट्रक्चरल ऑडिट नहीं कराया। नगर निगम की ओर से जारी नोटिस को भी हवा में उड़ा दिया। अब नगर निगम की ओर से नौ फर्मों को दोबारा नोटिस जारी किए गए हैं।
शहर में विभिन्न स्थानों पर बड़े-बड़े होर्डिंग लगाए गए हैं। अगर आंधी में कोई होर्डिंग गिरता है तो राहगीरों के लिए खतरा हो सकता है। नगर आयुक्त सजीव कुमार मौर्य ने 21 अप्रैल को नोटिस जारी कर सभी विज्ञापन एजेंसियों को स्ट्रक्चरल ऑडिट करवाकर उसके सुरक्षित होने का प्रमाणपत्र दाखिल करने के लिए कहा था।
अब तक न तो किसी फर्म ने नोटिस का जवाब दिया, न ही प्रमाणपत्र दाखिल किया है। अब नगर निगम के अधिशासी अभियंता राजीव कुमार राठी ने शुक्रवार को फिर नोटिस जारी कराया है। इसके मुताबिक, 15 दिन में प्रमाणपत्र दाखिल नहीं करने पर संबंधित फर्मों पर कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो