जन्मदिन पार्टी का केक कटता हिस्ट्रीशीटर व भाजपा नेता
- फोटो : सोशल मीडिया
बरेली में वीआईपी और वीवीआईपी के ठहरने के लिए जाना जाने वाला सर्किट हाउस अब हिस्ट्रीशीटरों के जन्मदिन की पार्टी को लेकर भी चर्चा में आ गया है। हिस्ट्रीशीटर और उपद्रव के आरोपियों की सर्किट हाउस में केक काटने की तस्वीरें वायरल हो रही हैं। हिस्ट्रीशीटर अंशु आर्य वाल्मीकि की भाजपा नेताओं के साथ सर्किट हाउस में जन्मदिन का केक काटते हुए तस्वीरें सामने आई हैं।
किला निवासी राजकिरन ने डीआईजी मुनिराज जी और डीएम अविनाश सिंह से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। उनके मुताबिक अप्रैल 2016 में शहनाई बरातघर में उनके भाई राजीव उर्फ राजू की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में तीन नवंबर 2022 को सत्र न्यायालय ने अंशु आर्य वाल्मीकि समेत पांच आरोपियों को आजीवन कारावास और जुर्माने की सजा सुनाई थी। अंशु आर्य सुभाषनगर थाने का हिस्ट्रीशीटर है और फिलहाल जमानत पर जेल से बाहर है।
आरोपी बोला- 2016 से पहले के हैं फोटो
वायरल फोटो में अंशु आर्य वाल्मीकि भाजपा नेताओं के बीच जन्मदिन का केक काटते नजर आ रहा है। शिकायतकर्ता ने सर्किट हाउस में जन्मदिन पार्टी की अनुमति देने के मामले की भी जांच कराने की मांग की है। इधर, अंशु आर्य का कहना है कि वायरल फोटो 2016 से पहले के हैं।
सीओ प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए शिकायत मिली है। वायरल फोटो कब हैं, इसकी जांच कराई जा रही है। सर्किट हाउस का आवंटन प्रशासनिक अधिकारियों के स्तर से होता है। मामले की जांच में संबंधित अधिकारियों से भी सहयोग लिया जाएगा।