स्वर्ण जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) का महायज्ञ एवं हिंदू सम्मेलन 13 जनवरी को होगा। मनोहर भूषण इंटर कालेज मैदान में होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्य वक्ता अंतरराष्ट्रीय कार्याध्यक्ष डा. प्रवीण भाई तोगड़िया होंगे। विहिप ब्रज प्रांत के सह संगठन मंत्री गोपाल जी ने घर वापसी और धर्म परिवर्तन जैसा कोई भी भी कार्यक्रम करने से साफ इनकार किया है।
रविवार को प्रेस कांफ्रेंस के दौरान गोपाल जी ने कहा कि विहिप की स्थापना 1964 में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर हुई थी। इस 50 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में स्वर्ण जयंती वर्ष मनाया जा रहा है। इसके तहत सबसे पहले देश के 7800 ब्लाकों में शोभा यात्राएं निकाली गईं थीं। दो नवंबर को देशभर में ब्लड डोनेशन कैंप लगाए गए थे और संगठन ने एक दिन में 103000 यूनिट ब्लड इकट्ठा करने का रिकार्ड बनाया। तीसरा कार्यक्रम 13 जनवरी को बतौर महायज्ञ एवं हिंदू सम्मेलन मनाया जाएगा।
गोपाल जी ने बताया कि यहां मनोहर भूषण इंटर कॉलेज में कार्यक्रम पूर्वाह्न 11 बजे गौ पूजन और हवन से प्रारंभ होगा। संगठन के अंतर्राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष डॉ. प्रवीण तोगड़िया दोपहर करीब 12 बजे पहुंचेंगे। इस कार्यक्रम में दो मंच बनाए जाएंगे। एक मंच पर मुख्य अतिथि और वक्ता बैठेंगे। दूसरा समरसता मंच, जिस पर नाथ नगरी के सात शिव मंदिरों के महंत, धार्मिक संगठनों के प्रमुख पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता श्याम सुंदर कठेरिया, उद्यमी शारदा भार्गव आदि रहेंगे। प्रेस कांफ्रेंस में विहिप जिलाध्यक्ष हरेंद्र पटेल, विभागाध्यक्ष आरएस पुंडीर, अरुण खुराना, राहुल गुप्ता, मानवेंद्र राणा, डॉ. नरेंद्र गंगवार, हितेंद्र मौर्य, अजय जी मौजूद रहे।