शाहजहांपुर। रोजा-राम प्रसाद बिस्मिल रेलवे स्टेशन के बीच मवेशी हिमगिरि एक्सप्रेस से टकरा गया। चालक ने आपातकालीन ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोका। इससे बड़ा हादसा होने से बच गया। ट्रैक से मवेशी के अवशेष हटाए जाने तक ट्रेन रुकी रही।
रविवार रात करीब एक बजे हिमगिरी एक्सप्रेस लखनऊ से बरेली की ओर जा रही थी। जब हिमगिरी एक्सप्रेस पं. रामप्रसाद बिस्मिल रेलवे स्टेशन के आगे पहुंची तभी मवेशियों का झुंड ट्रैक पर देखकर ट्रेन चालक ने हॉर्न बजाया। एक मवेशी ट्रेन की चपेट में आ गया। तब ट्रेन के चालक ने आपातकालीन ब्रेक लगाकर ट्रेन को कुछ दूर आगे ले जाकर रोक लिया। इसके बाद इंजन चेक किया। इंजन में फंसे हुए मवेशी के अवशेष निकाले। फिर स्टेशन मास्टर और कंट्रोल को जानकारी दी और ट्रेन लेकर चल दिया।
कंट्रोल के आदेश पर पीछे से आ रही लखनऊ मेल, पद्मावत एक्सप्रेस, सप्त क्रांति एक्सप्रेस, नौचंदी एक्सप्रेस, एसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस, सुहेलदेव एक्सप्रेस आदि को लिखित मेमो देकर निकाला गया। इस कारण कहलिया रेलवे स्टेशन पर पद्मावत एक्सप्रेस 40 मिनट, लखनऊ मेल 15 मिनट खड़ी रही। देर रात रेल कर्मचारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर ट्रैक पर पड़े मवेशी के शव को हटाया। तीन बजे से ट्रेनें अपनी निर्धारित गति से चल सकी।
स्टेशन अधीक्षक एके गौतम ने बताया कि रविवार रात हिमगिरी एक्सप्रेस से मवेशी टकरा गया था। कुछ देर के लिए रेल यातायात प्रभावित रहा, ट्रेनों को लिखित मेमो देकर निकाला गया।