बरेली। बरेली-नैनीताल स्टेट हाईवे पर कट और बढ़ाने से पीएनसी कंपनी ने साफ इनकार कर दिया है। कंपनी का कहना है कि हाईवे पर पहले से काफी कट हैं। इनकी और संख्या बढ़ाई तो न सिर्फ हाईवे पर वाहनों की रफ्तार पर असर पड़ेगा बल्कि दुर्घटनाएं भी बढ़ जाएंगी। हाल में बहेड़ी तहसील के गांव हसनपुर के लोगों ने एक साइड पर कट बनाने का आग्रह एसडीएम से किया था। पीएनसी ने इस पर असहमति जताते हुए जवाब एसडीएम को भेज दिया है।
हसनपुर के लोगों ने एसडीएम बहेड़ी को यह दिक्कत बताई थी कि गांव में स्टेट हाईवे पर जो कट है वह हसनपुर जाने वाले रास्ते से लगभग 150 मीटर पहले बहेड़ी की तरफ बनाया गया है। इसलिए बहेड़ी बाजार और तहसील जाने पर गांव के लोगों को कट से हसनपुर के लिए रोड पर गलत साइड से होकर जाना पड़ता है। इस गलत कट की वजह से एक्सीडेंट में कई लोगों की मौत हो चुकी है। लोगों ने एसडीएम से इस बात की जरूरत बताई थी कि इस कट को बंद कराकर हसनपुर के रास्ते के सामने कट बना दिया जाए तो हादसों पर रोक लग जाएगी। हसनपुर के लिए एक और रास्ता है। उस पर भी कट नहीं छोड़ा गया है। इस संबंध में एसडीएम को भेजे गए जवाब में पीएनसी बरेली नैनीताल प्राइवेट लिमिटेड ने हाईवे पर कट और बढ़ाए जाने से इंकार कर दिया है। असिस्टेंट जनरल मैनेजर विवेक कुमार गुप्ता का कहना है कि इस हाईवे पर वाहनों की स्पीड अत्यधिक कट से वैसे ही प्रभावित हो रही है। वैसे एक कट चार से पांच किलोमीटर के बीच में होना चाहिए, लेकिन हाईवे की साइड में लगातार आबादी बढ़ने से कट पहले से ही बढ़े चल रहे हैं। अगर और ज्यादा कट बनाए तो एक्सीडेंट का खतरा बढ़ जाएगा और वाहनों की स्पीड भी प्रभावित होगी।
इस हाईवे पर और कट बढ़ाया जाना संभव नहीं। इससे हादसे की आशंका बढ़ जाएगी। फिलहाल मैंने इस मामले की रिपोर्ट एसडीएम और स्टेट हाईवे के अधिकारियों को भेज दी है। गाइड लाइंस मिलने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
-विवेक कुमार गुप्ता, सहायक प्रबंधक, पीएनसी