बरेली। स्वीकृत नक्शे के आधार पर सेटेलाइट फ्लाईओवर शाहजहांपुर रोड ही बनना है लेकिन इस फ्लाईओवर की एक लेन को पीलीभीत रोड की तरफ की उतरवाने को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेजी गई चिट्ठी के बाद सेतु निगम ने होमवर्क शुरू कर दिया है। सेतु निगम के अधिकारियों की मानें तो पीलीभीत की तरफ करीब 300 मीटर लंबी लेन बनानी होगी। इस पर करीब 25 करोड़ का अतिरिक्त खर्च आएगा। हालांकि सेतु निगम को अभी तक शासन की तरफ से कोई आदेश न मिलने अभी संशय की स्थिति बनी हुई है।
सेटेलाइट चौराहे पर अक्तूबर 2018 में करीब 40 करोड़ के बजट से इस फ्लाईओवर के निर्माण को मंजूरी मिली थी। सेतु निगम ने इसी साल जनवरी में इस पर काम शुरू किया था। अब करीब 30 परसेंट काम पूरा हो चुका है। सोमवार को केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार ने भी इस फ्लाईओवर की एक लेन पीलीभीत बाईपास की तरफ उतारने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेज दिया है। केंद्रीय मंत्री ने अपने पत्र में बताया है कि अभी ये फ्लाईओवर केवल शाहजहांपुर रोड को जोड़ रहा है, जबकि पीलीभीत रोड पर भी एक लेन बननी चाहिए। सेतु निगम के पास अभी मौजूदा नक्शे में किसी तरह के बदलाव या फिर सर्वे के निर्देश नहीं मिले हैं लेकिन अधिकारियों का कहना है कि अगर पीलीभीत रोड पर फ्लाईओवर की लेन बनेगी तो 25 करोड़ के अतिरिक्त बजट की जरूरत होगी। सेतु निगम के अफसरों का कहना है कि पीलीभीत रोड पर सेटेलाइट बस अड्डे को देखते हुए बसों का आवागमन प्रभावित न हो, इसलिए उसकी सीमा तक सीधा पुल जाएगाच, उसके बाद स्लोप दिया जा सकता है।