बरेली। बारिश से टूटते और दरकते लखनऊ हाईवे का मामला संसद में भी गूंजा। सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने लोकसभा अध्यक्ष से कहा कि जनहित में इस हाईवे को जल्द से जल्द बनाने के लिए एनएचएआई के अधिकारियों को निर्देशित किया जाना बेहद जरूरी है।
सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने लोकसभा अध्यक्ष के सामने एनएच-24 का मामला प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि बरसात की वजह से यह हाईवे जगह-जगह टूट रहा है और कई जगहों पर खतरनाक गड्ढे भी हो गए हैं। जिसके चलते वाहन चालकों को काफी दिक्कत हो रही है। खस्ताहाल हाईवे की वजह से एक्सीडेंट भी हो रहे हैं। गहरे गड्ढे होने से हाईवे पर जाम भी लगा रहता है। खासकर बरेली से शाहजहांपुर के बीच स्थिति बहुत ही ज्यादा खराब है। लखनऊ जाते वक्त अक्सर जाम लगने से लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है। उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष से कहा कि जनहित में इस हाईवे की ठीक कराया जाना बेहद जरूरी है, ताकि जनता को इस हाईवे से गुजरने के दौरान असुविधा या खतरा महसूस न हो।