जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने और दो भागों में बांटकर केंद्र शासित प्रदेश बनाने की केंद्र सरकार के फैसले के बाद बरेली जोन में पुलिस और खुफिया एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। अफसरों ने बैठक करने के साथ ही पुलिस को चौकर कर दिया है। मिश्रित आबादी वाले इलाके और सार्वजनिक स्थलों पर सतर्कता बढ़ा दी गई है। खुफिया अमले के लोग भी संवेदनशील इलाकों में टोह लेने लगे हैं।
सोमवार सुबह संसद में गृहमंत्री की घोषणा के बाद ही लखनऊ मुख्यालय से एडीजी व डीआईजी के पास कॉल आने लगीं। अफसरों ने तत्काल बरेली जोन व रेंज में अलर्ट जारी कर दिया। सभी एसपी को निर्देश दिए गए कि 15 अगस्त से पहले किसी को छुट्टी न दी जाए। इसके साथ ही पहले से छुट्टी पर गए पुलिसवालों को वापस बुलाने के आदेश दिए गए। अफसरों ने खुफिया अमले के स्टाफ को भी तलब कर लिया।
बरेली जोन में सतर्कता बढ़ा दी गई है। पुलिस और खुफिया एजेंसियों से मिश्रित आबादी वाले इलाकों में गतिविधि तेज करने को कहा गया है। फिलहाल पूरे जोन में कहीं से किसी
खुराफात का इनपुट नहीं है।
- अविनाश चंद्र, एडीजी बरेली जोन
बरेली रेंज के चारों जिलों में स्थिति सामान्य है। फिर भी पर्याप्त सजगता बरती जा रही है। अधिकारियों से लेकर पुलिसकर्मियों तक को संवेदनशील इलाकों में गश्त करने को कहा गया है। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए फोर्स तैयार है।
- राजेश कुमार पांडेय, डीआईजी रेंज