जिला महिला अस्पताल में जन्मे आठ बच्चों में पांच बेटियां
बरेली। नए साल का पहला दिन बेटियों के नाम रहा। जिला महिला अस्पताल में साल के पहले ही दिन कुल आठ बच्चों ने जन्म लिया। इनमें पांच बेटियां थीं।
नया साल शुरू होते ही जिला अस्पताल में बच्ची की किलकारी गूंजी। बड़ा बाजार निवासी लक्ष्मी पत्नी रवि देवन ने रात 12 बजकर 50 मिनट पर बच्ची को जन्म दिया। परिवार वालों ने अस्पताल में ही मिठाई बांटकर खुशी जताई। लक्ष्मी ने कहा कि उनके घर लक्ष्मी आई है। बाकी सात बच्चों की स्थिति भी सामान्य है। बच्चों के रूप में घर में आई खुशियों को लेकर परिजन उत्साहित हैं। अभिभावकों का कहना है कि इस दिन उन्हें मिली सौगात को वे अच्छी परवरिश देंगे। बच्चों को बेहतर शिक्षा देकर डॉक्टर, इंजीनियर और शिक्षक बनाएंगे। जो सपने उन्होंने अपनी जिंदगी में संजोये हैं, उन्हें बच्चों की जिंदगी से पूरा करेंगे। बच्चों के जन्म के बाद अस्पतालों में दिनभर रिश्तेदारों का तांता लगा रहा। सीएमएस डॉ. अलका शर्मा ने बताया कि नववर्ष में आठ बच्चों ने जन्म लिया। इसमें पांच बेटियां और तीन बेटे हैं।