बरेली। निजी स्कूलों की तर्ज पर अब जिले के परिषदीय विद्यालयों में भी हेल्प डेस्क बनाई जाएंगी। इनकी सहायता से अभिभावकों को वहां मौजूद सुविधाओं व बच्चों की शैक्षिक प्रगति की जानकारी मिल सकेगी। इसके साथ ही हर तीन माह में एक बार शिक्षक अभिभावक के साथ बैठक कर बच्चे की शैक्षिक प्रगति से भी अवगत कराएंगे।
जिले में कुल 2484 परिषदीय स्कूल संचालित किए जा रहे हैं। इनमें करीब तीन लाख से अधिक विद्यार्थी पंजीकृत हैं। एक अप्रैल से नया शैक्षिक सत्र शुरू होने के साथ ही स्कूलों में नामांकन बढ़ाने के लिए लगातार शिक्षक घर-घर जाकर अभियान चला रहे हैं।
वहीं, परिषदीय स्कूलों को भी निजी की तर्ज पर विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में हेल्प डेस्क बनाने व बैठक की कवायद की जा रही है। बीएसए संजय सिंह ने बताया कि इसका उद्देश्य शैक्षिक गुणवत्ता को बढ़ावा देना है। जल्द ही अन्य योजनाएं भी लागू की जाएंगी। संवाद