एक ही सड़क पर ट्रैफिक, फिर भी नहीं हटवाए कब्जे
यातायात व्यवस्था यहां पूरी तरह फेल है। शनिवार से कांवड़ियों का जत्था भी यहीं पहुंचता है और वनखंडी नाथ मंदिर में हजारों की तादाद में दर्शन के लिए श्रद्वालु पहुंचते हैं। ऐसे में सबसे खराब स्थिति तो शनिवार से सोमवार तक रहती है। यहां जिस सड़क से इस समय यातायात गुजर रहा है। उसी सड़क किनारे अस्पताल, ढाबे और गाड़ियों के शोरूम है।
ये भी पढ़ें- Bareilly News: कांवड़ यात्रा में लाठीचार्ज के बाद बैकफुट पर पुलिस-प्रशासन... कांवड़ियों पर नहीं होगी रिपोर्ट
अस्पताल वालों ने फुटपाथ पर एंबुलेंस और तीमारदारों की गाड़ियां लगवा रखी हैं। जबकि ढाबे वालों ने भी कब्जा कर रखा है। इसके अलावा शोरूम वालों ने कर्मचारियों की गाड़ियां फुटपाथ तक खड़ी कर दी है। इन अवैध कब्जों को पुलिस यहां से हटवा भी नहीं रही है। ऐसे में एक सड़क पर दोनों ओर का यातायात होने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।
जाम में फंसा रहा, बस छूट गई
पीलीभीत बाईपास के रातिद ने बताया कि सेटेलाइट बस अड्डे से दिल्ली जाने के लिए बस पकड़नी थी। टिकट ऑनलाइन बुक करा दी थी। मगर टेंपो जाम में करीब आधा घंटा फंसा रहा और बस छूट गई। रोजाना यहां इसी तरह से जाम लग रहा है।
अप्वाइंटमेंट मिला, नहीं पहुंच सका
रोहित शर्मा ने बताया कि पासपोर्ट ऑफिस से शाम 4 बजे का अप्वाइंटमेंट मिला था। मैं घर से पौने तीन बजे निकल आया मगर करीब दो घंटे तक यहीं जाम में फंसा रहा और कार्यालय नहीं पहुंच सका। वहां से फोन आया और आने को मना कर दिया गया।
विनीत गुप्ता ने कहा कि यहां ये रोज का हो गया है। घर से सब्जी लेने निकलो तो जाम में फंस जाता हूं। बच्चे रोजाना जाम में फंसते हैं, घर भी देरी से आते हैं। इतनी देर गेट पर खड़े ही इंतजार करते रहते हैं। यातायात व्यवस्था ठीक होनी चाहिए।