चटक धूप और भीषण गर्मी झेल रहे शहरवासियों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग ने तीन दिनों के लिए जिले में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान बादल मंडराते रहेंगे। तेज हवा चलने के आसार हैं। जिले के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। फिलहाल, चार मई तक मौसम का मिजाज सामान्य रहने और तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है।
तीन दिनों में जिले के अधिकतम तापमान में 3.9 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई है। हालांकि, न्यूनतम तापमान में 1.7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने के कारण रात में उमस ने लोगों की बेचैनी बढ़ा दी है। मौसम विशेषज्ञ अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बरेली समेत आसपास के जिलों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम में परिवर्तन आया है। उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम ने करवट ली है। मंगलवार को जिले का अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।