बरेली। इज्जतनगर में पांच साल पहले व्यापारी, उनकी पत्नी और बेटा और बेटी की सामूहिक हत्या के मामले में बुधवार को गवाही नहीं हुई। अब इस मामले में नौ फरवरी की तारीख लगाई गई है। मामले की सुनवाई पॉक्सो कोर्ट में चल रही है।
इज्जतनगर की एक कॉलोनी में 28 सितंबर, 2016 को डकैती के दौरान व्यापारी, उनकी पत्नी, 16 साल के बेटे और 15 साल की बेटी की किसी भारी वस्तु से प्रहार करके हत्या कर दी गई थी। मामले की रिपोर्ट व्यापारी के बडे़ भाई ने दर्ज कराई थी। पोस्टमार्टम में व्यापारी की बेटी से दुष्कर्म की पुष्टि होने पर पॉक्सो एक्ट की धारा भी बढ़ाई गई थी। पुलिस ने पांच अक्तूबर, 2016 को बड़ा बाईपास पर लालपुर तिराहे से ब्रजेश गुप्ता, अनिल राजपूत, विशाल अग्रवाल और शंकरलाल को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया। वारदात में अरशद उर्फ असद और गुड्डू का नाम भी सामने आया। अब इस मामले में पॉक्सो कोर्ट में सुनवाई चल रही है। बचाव पक्ष के अधिवक्ता वेंकटेश्वर सक्सेना ने बताया कि बुधवार को इस मामले में सुनवाई होनी थी, लेकिन इसमें नौ फरवरी की तारीख लगा दी गई है।