स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली के मुद्दे पर बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल पहुंचीं महिला जागृति मंच की सदस्यों ने यहां सीएमएस को घेरकर जमकर हंगामा किया। जागृति मंच की सदस्यों का कहना था कि सरकारी सेवाओं का हाल खराब होने का ही नतीजा है कि मरीजों को निजी अस्पतालों में शोषण का शिकार होना पड़ रहा है। उन्होंने एक डॉक्टर द्वारा बाहर की दवा के लिए लिखा गया पर्चा भी पेश किया। सीएमएस ने यह पर्चा लिखने वाले डॉक्टर का जवाबतलब किया है।
महिला जागृति मंच की अध्यक्ष डॉ. मनु नीरज की अगुवाई में पहुंची महिलाओं ने अस्पताल में घूमकर मरीजों से दिक्कतें पूछीं। कई मरीजों ने बताया कि डॉक्टर उन्हें बाहर की दवा के लिए पर्चा लिख रहे हैं। इसके बाद सीएमएस डॉ. केएस गुप्ता के कक्ष में घुसकर हंगामा किया। उनका कहना था कि अगर जिला अस्पताल सुधर जाए तो गरीबाें को निजी अस्पतालों में शोषण का शिकार नहीं होना पड़ेगा। महिलाआें ने कहा कि यहां मरीजों से स्टाफ अच्छा व्यवहार नहीं करता है। ओपीडी में अफरा-तफरी का माहौल रहता है। दवा वितरण काउंटर पर भी मरीजों के बीच धक्का-मुक्की होती है। महिलाओं ने डॉ. एएम अग्रवाल द्वारा बाहर से लिखी दवा का पर्चा भी प्रमुख अधीक्षक को दिखाया। प्रमुख अधीक्षक का कहना है कि उन्होंने डॉ. एएम अग्रवाल का जवाबतलब किया है। इस दौरान अनीता भगत, राधा सिसोदिया, रानी, शबाना आदि मौजूद रहीं।