स्वाइन फ्लू का दायरा बढ़ता जा रहा है। अब एक बच्चे समेत तीन और लोगों को
स्वाइन फ्लू होने की पुष्टि हुई है। इसके अलावा पांच नए लोगों के सैंपल
लेकर जांच को भेजे गए हैं।
सात मार्च को नौ लोगों के सैंपल जांच को भेजे गए थे, इनमें से तीन की रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। इनमें एक पुरुष, एक महिला और एक बच्चा शामिल है। 11 साल के इस बच्चे का शहर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है जबकि बाकी दोनों अपने घर पर हैं। एसडीएम फरीदपुर का सैंपल भी जांच को भेजा गया था लेकिन उनमें स्वाइन फ्लू के लक्षण नहीं मिले। सोमवार को पांच लोगों के सैंपल जांच को प्रिजर्व किए गए। इनमें तीन महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। चार लोगों ने सीधे आकर सैंपल दिए जबकि एक का सैंपल निजी मेडिकल कॉलेज से भेजा गया। इनमें से संदेह के आधार पर एक महिला को स्वाइन फ्लू वार्ड में भर्ती कर लिया गया। बिहारीपुर ढाल की निवासी इस महिला की तबियत रविवार से बिगड़ गई थी। वार्ड के स्टाफ ने बताया कि अगर महिला को स्वाइन फ्लू निकला तो उसकी तीमारदारी कर रही उसकी मां का सैंपल भी लिया जाएगा।