प्रदेश की आबादी किस रफ्तार से बढ़ रही है, इसे जानने के लिए अब आपको इंटरनेट या अन्य साधनों की जरूरत नहीं पड़ेगी। आपके शहर की घड़ी ही यह सब बताएगी। स्वास्थ्य विभाग शहर में जनसंख्या घड़ी लगवा रहा है। यह घड़ी प्रति सेकेंड पैदा होने वाले बच्चों की गणना करेगी और कुल आबादी के बारे में बताएगी। एक सप्ताह में घड़ी शहर के प्रमुख स्थान पर स्थापित कर दी जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग के साथ परिवार नियोजन अभियान से जुड़ी संस्था की मदद से जनसंख्या घड़ी बरेली में लगाई जा रही है। चार गुणा नौ फुट की यह घड़ी इलेक्ट्रॉनिक होगी। शासन ने अपर निदेशक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण से दो जगह का चुनाव करने को कहा है, ताकि इनमें से किसी एक स्थान पर घड़ी लगाई जा सके। डिवीजन प्रोग्राम मैनेजर शाहिद हुसैन ने बताया कि घड़ी लगाने को चौकी चौराहा और जिला अस्पताल का चुनाव करके भेजा गया है। अपर निदेशक स्वास्थ्य डॉ. प्रमिला गौड़ ने बताया कि घड़ी में प्रदेश की जनसंख्या का जिक्र किया जाएगा। घड़ी से प्रदेश में प्रति सेकेंड पैदा होने वाले बच्चों की संख्या प्रदर्शित होगी।