बरेली। सिकलापुर में मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम की टीमें पहुंचीं। चिकित्सा शिविर में 146 मरीजों की जांच करके उन्हें दवाएं दी गईं। वहीं, नगर निगम की टीम ने क्षेत्र में अभियान चलाकर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से सिकलापुर के एक स्कूल में स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया। चिकित्साधिकारी डॉ. मीनू सिंह ने बताया कि 146 मरीजों को जांच करने के बाद दवा दी गई। इसमें ज्यादातर मरीज त्वचा रोग, सर्द-गर्म, अपच, पेट में दर्द, बुखार और पीठ दर्द से पीड़ित रहे। बताया कि इससे पहले दिसंबर 2025 में सिकलापुर में सघन जांच अभियान चलाकर घर-घर आशा कार्यकर्ता ने बीमार लोगों की जानकारी दर्ज की थी। सभी को दवा और इलाज मुहैया कराया गया था।
उधर, नगर निगम की ओर से एक टीम को सिकलापुर भेजा गया। टीम ने यहां के लोगों के साथ ही फर्नीचर का काम करने वालों को जागरूक किया। नगर आयुक्त संजीव मौर्य ने बताया कि क्षेत्र में टीम भेजकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह ने बताया कि सिकलापुर में शिविर लगाकर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया है।
12 लोगों की कैंसर से हो चुकी है मौत
सिकलापुर में छह साल में 12 लोगों की कैंसर से मौत और कई लोगों के बीमार होने की शिकायत क्षेत्रीय पार्षद जयप्रकाश राजपूत की ओर से शासन तक की गई थी। इसके बाद एसडीएम सदर, प्रदूषण नियंत्रण विभाग और बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) की टीम ने चार बार जांचें कीं लेकिन हर बार जिम्मेदारी एक-दूसरे पर डाल दी गई। इस पर मंडलायुक्त भूपेंद्र एस. चौधरी ने एसडीएम प्रमोद कुमार को फिर जांच के निर्देश दिए, जो अभी चल रही है। सिटी मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा की ओर से भी जांच की जा रही है।