बरेली। बारिश के बाद बढ़ी ठंड से सांस रोगियों में तो इजाफा हुआ ही है, सांसें स्वास्थ्य विभाग की भी फूल रही हैं। शुक्रवार को चेस्ट फिजीशियन कक्ष के बाहर लंबी लाइन लगी रही। लोग परेशान होते रहे, लेकिन डॉक्टर दो घंटे देरी से पहुंचे। जिला अस्पताल का ये हाल तब है, जब प्रमुख सचिव के आने की भी संभावना थी। इसके बाद भी जिला अस्पताल की व्यवस्थाएं जस की तस रहीं।
मरीज देशराज, सीमा और अन्य ने बताया कि वह सुबह नौ बजे से लाइन में हैं लेकिन डॉक्टर नहीं आए। करीब 11 बजे के आए चेस्ट फिजीशियन एमएल शर्मा ने मरीजों को देखना शुरू किया। एमएल शर्मा का कहना है कि वह सुबह ही आए थे। अन्य वार्ड में इमरजेंसी काल पर मरीज को देखने गए थे। वहां समय लग गया। वहीं जिला अस्पताल में शुक्रवार को रोजाना की अपेक्षा मरीज कम रहे। रोज ढाई हजार से अधिक होने वाली ओपीडी में शुक्रवार को छह सौ मरीज भी नहीं पहुंचे। पहुंचने वाले मरीजों में भी सबसे अधिक मरीज बीपी और सांस के ही रोगी थे। ब्यूरो