छह जनवरी से पांच ब्लॉक में शुरू होगा अभियान का दूसरा चरण
बरेली। मिशन इंद्रधनुष का दूसरा चरण छह जनवरी से शुरू होगा। इस दौरान दो साल तक के बच्चों को 11 गंभीर बीमारियों से बचाने के लिए टीकाकरण किया जाएगा।
सीएमओ डॉ. विनीत कुमार शुक्ल ने बताया कि फ रीदपुर, कुआंडांडा, आंवला, मुड़िया नवीबख्श और शेरगढ़ में यह अभियान बुधवार, शनिवार और रविवार को छोड़कर 16 जनवरी तक चलेगा। इस दौरान 587 आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मदद से 4741 बच्चे और 630 गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण होगा। उन्होंने बताया कि मिशन इंद्रधनुष के प्रथम चरण में 5990 बच्चों और 1044 गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण का लक्ष्य था। मगर इस दौरान 6086 बच्चों और 1088 गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण हुआ। इसके बाद तीसरा चरण तीन फरवरी और चौथा चरण दो मार्च को चलाया जाएगा।
11 बीमारियों से बचाता है यह टीका
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. आरएन सिंह ने बताया कि इस अभियान के दौरान लगने वाला टीका पोलियो, टीबी, पीलिया, डिप्थीरिया, काली खांसी, टेटनेस, निमोनिया, डायरिया, रुबेला और दिमागी बुखार जैसी 11 बीमारियों से बचाता है।