दोपहर दो बजे तक है जिला अस्पताल की ओपीडी का समय, डेढ़ बजे ही चले जाते अधिकांश डॉक्टर
बरेली। जिला अस्पताल की ओपीडी में रोगियों को देखने का समय सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक है। मगर अस्पताल प्रशासन की अनदेखी के चलते अधिकांश डॉक्टरनिर्धारित समय से पहले ही ओपीडी छोड़ देते हैं और फिर दूरदराज से आने वाले मरीज इधर-उधर भटकते रहते हैं।
हर साल करोड़ों रुपये का बजट खर्च होने के बावजूद जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हैं। शहरी और ग्रामीण क्षेत्र से रोजाना करीब ढाई हजार मरीज उपचार के लिए यहां पहुंचते हैं। ओपीडी का समय सुबह आठ बजे से दो दोपहर बजे तक है, लेकिन एक-दो चिकित्सकों को छोड़कर अधिकांश डेढ़ बजे ही ओपीडी छोड़ देते हैं। इस स्थिति में कई बार दूर दराज से आने वाले मरीज डॉक्टर के इंतजार में बैठे रहते हैं। मगर डॉक्टर नहीं लौटते और फिर मरीजों को भी बिना इलाज लौटना पड़ता है।
पर्चे भी पहले बनना हो जाते हैं बंद
डॉक्टरों को राहत देने के लिए ओपीडी काउंटर के कर्मचारी भी मददगार बनते हैं। काउंटर बंद करने का समय भी दो बजे ही है लेकिन यहां पर्चे इससे पहले ही बनाना बंद कर दिए जाते हैं।
जिला अस्पताल की ओपीडी का समय दो बजे तक है और सभी को दो बजे तक ही बैठने के निर्देश हैं। अगर कोई डॉक्टर समय से पहले ओपीडी छोड़ रहा है तो जांच कराई जाएगी।
- डॉ. टीएस आर्या, सीएमएस