बरेली। तीन माह के बच्चे की जांघ में सुई टूटने के मामले को अफसरों ने ठंडे बस्ते में डाल दिया तो माता-पिता ने सीएम पोर्टल पर शिकायत कर दी। वहां से कार्रवाई के निर्देश हुए तो स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने संबंधित चाइल्ड हॉस्पिटल को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
संजयनगर की रजत बिहार कालोनी निवासी संजय शर्मा एवं हेमलता के तीन माह के बेटे लव्यांश को बुखार आने पर 17 नवंबर को राजेंद्रनगर स्थित चाइल्ड हॉस्पिटल में दिखाया था। यहां ब्लड सैंपल लेते समय बच्चे की जांघ में सुई टूट गई। करीब तीन घंटे बाद घर पहुंचने पर भी बच्चे ने रोना बंद नहीं किया। मां ने कपड़े बदलेे तो उसकी जांघ में सुई धंसी देखी। अस्पताल प्रबंधन से शिकायत की लेकिन उन्होंने अनसुना कर दिया। सीएमओ और डीएम से शिकायत की तो जांच एसीएमओ को दी गई। बच्चे के माता-पिता को तीन बार बुलाने के बावजूद बयान नहीं लिए गए। कुल मिलाकर मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया गया तो उन लोगों के मुख्यमंत्री के पोर्टल पर शिकायत की। इसके बाद हरकत में आए स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल को नोटिस जारी करके जवाब मांगा है। एसीएमओ डॉ. रंजन गौतम ने बताया कि नोटिस का जवाब आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।