जिला अस्पताल में भी दिखा विरोध का असर, नहीं पहुंचे मरीज
- फोटो : अमर उजाला, बरेली
बरेली। शहर में नागरिकता संशोधन कानून के विरोध का असर शुक्रवार को जिला अस्पताल में भी दिखा। यहां सिर्फ 873 मरीज ही पहुंचे, जबकि रोजाना करीब ढाई हजार रोगी ओपीडी में पहुंचते हैं। महिला अस्पताल में भी बमुश्किल सौ महिलाएं ही इलाज के लिए पहुंची। जिला अस्पताल की ओपीडी में शुक्रवार को अन्य दिनों की अपेक्षा मरीजों की संख्या बेहद कम रही। यही हाल महिला अस्पताल का भी रहा। दोपहर 12 बजे तक पर्चा और दवा वितरण कक्ष के बाहर पर सन्नाटा पसर गया। मरीज न होने से कई डॉक्टर भी एक बजे के आसपास चले गए। एनआरसी वार्ड में दो बच्चों को भर्ती किया गया। सीएमएस डॉ. टीएस आर्या ने बताया कि रोजाना की अपेक्षा शुक्रवार को काफी कम मरीज पहुंचे।
जिला अस्पताल रोड पर बंद रहीं दुकानें
फड़ दुकानदार भी दिखे गायब, इंदिरानगर रोड पर भी बंद रहीं दुकानें
बरेली। शुक्रवार को कुछ गड़बड़ होने की आशंका में जिला अस्पताल के बाहर फड़ दुकानदार भी नदारद दिखे। अस्पताल गेट पर हर समय ई-रिक्शा, ऑटो की वजह से लगने वाला जाम भी नहीं दिखा। इंदिरानगर रोड पर दोनों ओर कपड़ों का अस्थाई बाजार सजता है। शुक्रवार को ये सभी दुकानें बंद रहीं। फ ड़ दुकानदार भी गायब रहे। अस्पताल गेट पर ई-रिक्शा, ऑटो का जमावड़ा न होने से एंबुलेंस से आने वाले रोगियों को कोई दिक्कत नहीं हुई। अन्य दिनों में गेट पर लगने वाले जाम में अक्सर एंबुलेंस फंस जाती हैं।